समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह निधन हो गया। मुलायम सिंह के निधन के बाद उनके शव को उनके गांव सैफई ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार होगा। वहीं मुलायम सिंह के निधन पर देश के सभी नेता उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने भी मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की।

दरअसल राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे थे, जब मुलायम सिंह यादव के निधन की सूचना उन्हें प्राप्त हुई। इसके बाद यात्रा को बीच में ही रोक कर एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां पर राहुल गांधी ने मुलायम सिंह यादव की तस्वीर पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल, दिग्विजय सिंह और रणदीप सुरजेवाला ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर मुलायम सिंह यादव को जमीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे नेता के रूप में याद किया। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन एक बेहद दुःखद समाचार है। वो ज़मीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे। मैं श्री अखिलेश यादव समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी मुलायम सिंह यादव के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। सोनिया गांधी ने अपने बयान में कहा, “मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। देश के रक्षा मंत्री और यूपी के मुख्यमंत्री के रूप में उनका योगदान सदा अविस्मरणीय रहेगा। उससे कहीं ज्यादा शोषितों और वंचितों के लिए उनका संघर्ष सदैव याद किया जाएगा। जब देश के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए जरूरत पड़ी, तब उनका साथ हमेशा कांग्रेस को मिला है। मेरी संवेदनाएं अखिलेश यादव और उनके परिजनों के साथ हैं।”

इन नेताओं ने कैसे किया मुलायम सिंह यादव को याद, देखें वीडियो

बता दें कि मुलायम सिंह के निधन के बाद यूपी सरकार ने तीन दिवसीय राजकीय शोक का ऐलान किया है और उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मंगलवार को मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार सैफई में किया जाएगा। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।