राज्यसभा से रिटायर होने वाले 72 सदस्यों के फेयरवेल के मौके पर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी सांसदों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारे राज्यसभा के सदस्यों के पास काफी अनुभव है कई बार यह शैक्षणिक ज्ञान से भी अधिक ज्यादा ताकतवर होता है। हमने इस संसद में लंबा समय बिताया है। आगे कहा कि जितना हमने इस सदन में योगदान दिया है उससे कही अधिक इस सदन ने हमारे जीवन में बहुत योगदान दिया है। हमें इस सदन के सदस्य के रूप में प्राप्त अनुभव को देश की चारों दिशाओं में ले जाना चाहिए। हम रिटायर हो रहे सदस्यों से कहेंगे ‘फिर वापस आए’।

आज गुरुवार को उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के घर पर फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया है। इस फेयरवेल पार्टी में खाने के साथ -साथ गाना बजाने के इंतजाम भी किया गया। खास बात यह है कि इस पार्टी में गाना कोई और नहीं बल्कि सांसदों के द्वारा ही बजाया जायेगा। जानकारी के मुताबिक उपराष्ट्रपति के आवास पर सुबह सभी के लिए भोज का आयोजन किया जाएगा फिर उसके बाद शाम को एक मिलन समारोह होगा। जिसके बाद डिनर के समय संगीतमय पार्टी को रखा गया है।

इस कार्यक्रम में लगभग सभी पार्टियों के सांसद हिस्सा लेंगे। वहीं कुछ सांसद राजनीतिक क्षेत्र से बाहर अपनी प्रतिभा दिखाने की योजना बना रहे हैं। टीएमसी के सांसद सांतनु सेन गिटार बजा कर समा  बांधेंगे और अपने बयानों की वजह से हमेशा चर्चा में रहने वाली सांसद डोला सेन रवींद्र संगीत गाएगी। डीएमके सांसद तिरुचि सिवा तमिल संगीत से सभी का मनोरंजन करेंगे जबकि भाजपा की सांसद रूपा गांगुली, रामचंद्र झंगरा और एनसीपी वंदना चवन भी इस मौके पर गाना गाएंगे।

इस साल 72 सदस्य होंगे रिटायर: 245 सदस्यों वाली राज्यसभा में इस साल कुल 72 सदस्य रिटायर होने वाले हैं जबकि 19 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल माह में समाप्त होने वाला है। इन सदस्यों में 5 भाजपा और 6 कांग्रेस के सदस्य रिटायर होने वाले हैं। भाजपा के रिटायर होने वाले सदस्यों में सुब्रमणियम स्वामी, सुरेश गोपी, रूपा गांगुली, स्वप्न दासगुप्ता और श्वेत मालिक का नाम शामिल हैं।

कांग्रेस के सदस्यों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा, पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी, प्रताप सिंह बाजवा, शमशेर सिंह डुली, रिपुन बोरा और रानी नारा का कार्यकाल भी समाप्त होने जा रहा है। इन सदस्यों के रिटायर होने के बाद राज्यसभा में भाजपा के सांसदों की संख्या घटकर 97 से 92 और कांग्रेस के सांसदों की संख्या घटकर 34 से 28 हो जाएंगी।

अन्य पार्टियों के रिटायर होने वाले सदस्यों में नागालैंड की पार्टी नागा पीपुल्स फ्रंट के केजी केने, लोकतांत्रिक जनता दल के एमवी श्रेयम्स कुमार, पंजाब से अकाली दल के नरेश गुजराल, सीपीएम के सोमा प्रसाद और झरना दास वैद्य भी शामिल हैं।