Parliament Session: संसद के विशेष सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बड़ी बातें कहीं। संसद परिसर में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि चांद पर तिरंगा फहर रहा है। शिव शक्ति पॉइंट प्रेरणा का केन्द्र बना है। चन्द्रयान 3 प्रेरणा का नया केन्द्र है। G-20 की अभूतपूर्व सफलता, अनेक संवाभना और सफलता और भारत ग्लोबल साउथ की आवाज बना है।
मोदी ने कहा कि अफ्रीकन यूनियन को स्थायी सदस्यता और सर्वसम्मति से G20 का डिक्लेरेशन, ये सारी बातें भारत के उज्ज्वल भविष्य का संकेत दे रही हैं। उन्होंने कहा कि G20 की अभूतपूर्व सफलता, 60 से अधिक स्थानों पर विश्व भर के नेताओं का स्वागत, मंथन और ट्रू स्पिरिट में fedral structure का एक जीवंत अनुभव भारत की विविधता, भारत की विशेषता के साथ G20 अपने आप में एक त्योहार बन गया। इस दौरान पीएम मोदी ने यशोभूमि का भी जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सत्र छोटा है, लेकिन समय के हिसाब से बड़ा सत्र है। ये ऐतिहासिक फैसले का सत्र होगा। उन्होंने आगे कहा कि पूरे विश्व में जब इस तरह (चंद्रयान-3) की उपलब्धि होती है तो उसे आधुनिकता और टेक्नोलॉजी से जोड़कर देखा जाता है। और जब ऐसा होता है तो अनेक अवसर हमारे दरवाजे पर आकर खड़े हो जाते हैं। मोदी ने कहा कि इस सत्र की एक विशेषता ये है कि 75 साल की यात्रा अब नए मुकाम से आरंभ हो रही है। नए स्थान पर उस यात्रा को आगे बढ़ाते समय, नए संकल्प, नई ऊर्जा और नए विश्वास से काम करना है। हमें मिलकर 2047 तक देश को विकसित बनाना है।
मोदी ने कहा कि कल गणेश चतुर्थी का पावन पर्व है। गणेश जी विघ्नहर्ता माने जाते हैं। अब भारत की विकास यात्रा में कोई विघ्न नहीं रहेगा, अब निर्विघ्न रूप से सारे संकल्प और सपनें भारत परिपूर्ण करेगा, इसलिए गणेश चतुर्थी के दिन ये नव प्रस्थान नए भारत के सारे सपनों को चरितार्थ करने वाला बनेगा।
वहीं सूत्रों के हवाले से खबर है कि पीएम नरेंद्र मोदी की वरिष्ठ मंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी बैठक में मौजूद हैं। वहीं सरकार की तरफ से राज्यसभा में आज जो वक्ता बोलेंगे उनमें केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, सांसद सुधांशु त्रिवेदी, डॉ राधा मोहन अग्रवाल, भुवनेश्वर कलिता और लक्ष्मीकांत बाजपेयी का नाम शामिल है।