Spanish Newspaper Cartoon: स्पेन के एक अखबार में भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर छपे कार्टून पर विवाद हो गया है। इस कार्टून में भारत के आर्थिक विकास को बीन बजाते हुए सपेरे के जरिए दिखाया गया है। कार्टून में सपेरे की टोकरी से एक सांप ग्राफ पर उपर चढ़ते हुए दिखाया गया है, जिसका इस्तेमाल भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास को दर्शाने के लिए किया गया है। इस कार्टून पर आपत्ति जताते हुए भाजपा सांसद ने इसे मूर्खतापूर्ण बताया है।
दरअसल, स्पेनिश अखबार ‘ला वैनगार्डिया’ के फ्रंट पेज पर 9 अक्टूबर 2022 को एक कार्टून छापा गया था। कार्टून में दिखाया गया था कि एक सपेरा बीन बजा रहा है और भारत की अर्थव्यवस्था बढ़ रही है। इसकी हेडलाइन में लिखा है, “The hour of the Indian economy यानी भारतीय अर्थव्यवस्था का वक्त। कार्टून के ऊपर लिखा है कि एशियाई महाद्वीप का यह देश एक उभरती हुई शक्ति के रूप में चीन से आगे बढ़ रहा है।”
भड़के बीजेपी सांसद: भारतीय अर्थव्यवस्था की ग्रोथ को लेकर स्पेनिश अखबार ‘ला वैनगार्डिया’ ने एक कार्टून बनाया है। कार्टून को लेकर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। बेंगलुरु सेंट्रल से भाजपा सांसद पीसी मोहन ने ट्विटर पर अखबार के आर्टिकल की फोटो शेयर करते हुए लिखा, “जहां भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था को वैश्विक पहचान मिल रही है, ऐसे समय में आजादी मिलने के दशकों बाद भी भारत की तस्वीर एक सपेरे के जरिए दिखाना मूर्खतापूर्ण है। विदेशियों की सोच को बदलना मुश्किल है।”
वहीं, जेरोधा कंपनी के सीईओ नितिन कामथ ने कार्टून पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “यह अच्छी बात है कि भारतीय अर्थव्यवस्था पर दुनिया ध्यान दे रही है लेकिन एक सपेरे के कार्टून के जरिए भारत को दर्शाना बेइज्जती है।” मशहूर लेखक रजत सेठी ने भी कार्टून पर सवाल खड़े किए। रजत ने ट्वीट कर कहा कि जहां पूरी दुनिया भारतीय अर्थव्यवस्था के कौशल पर ध्यान दे रही है, तो वहीं इनका भारतीय सपेरे का भेदभावी चित्रण जारी है।
दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था: गौरतलब है कि भारत हाल में ही ब्रिटेन को पछाड़कर दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है, जो पिछले साल छठें स्थान पर थी। मौजूदा विकास दर के मुताबिक 2027 में जर्मनी और 2029 में भारत जापान से आगे बढ़कर दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।