Sonia Gandhi Rajya Sabha: कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी राज्यसभा के लिए बुधवार यानी कल अपना नामांकन दाखिल करेंगी। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि सोनिया गांधी हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा जाएंगी या राजस्थान से। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी थी कि वो राजस्थान के रास्ते से राज्यसभा पहुंच सकती हैं। वर्तमान में वो उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से लोकसभा सांसद हैं। सूत्रों के मुताबिक, सोनिया के अलावा अभिषेक मनु सिंघवी भी राज्यसभा जा सकते हैं। इससे पहले चर्चा थी कि सोनिया गांधी पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के रास्ते राज्यसभा पहुंच सकती हैं।

ऐसे में सवाल अब यह उठता है कि रायबरेली से लोकसभा का चुनाल सोनिया गांधी की जगह पर कौन लड़ेगा? माना जा रहा है कि उनकी जगह पर प्रियंका गांधी को टिकट दिया जा सकता है। क्योंकि यह सीट गांधी खानदान की विरासत वाली रही है।

फिरोज गांघी, इंदिरा गांधी, अरुण नेहरू, शीला कौल जैसे लोग इस सीट से सांसद रहे हैं। यह सभी चेहरे गांधी परिवार के सदस्य थे या फिर उनके रिश्तेदार रहे। जैसे फिरोज गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू के दामाद थे और शीला कौल उनकी पत्नी कमला नेहरू के भाई के पत्नी थीं।

इस इतिहास को देखते हुए कांग्रेस गांधी परिवार से अलग अन्य किसी शख्स को इस सीट से उम्मीदवार नहीं बनाना चाहेगी। रायबरेली सीट गांधी परिवार के लिए राजनीतिक महत्व रखती है। ऐसे में पूरी संभावना है कि प्रियंका गांधी को ही यहां से मौका दिए जाए। हालांकि, अभी तक रायबरेली सीट को लेकर पूरी तरह से तस्वीर साफ नहीं है कि यहां से कांग्रेस लोकसभा का प्रत्याशी किसे बनाती है।

1999 से लोकसभा की सदस्य रहीं सोनिया गांधी

इससे पहले सोनिया गांधी ने साल 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ते समय कहा था कि ये उनका आखिरी चुनाव है, जब वो आम चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता साल 1999 से लोकसभा की सदस्य रही हैं। ये पहला मौका होगा जब वो उच्च सदन पहुंचेंगी।