कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष और यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी (UPA Chairperson Sonia Gandhi) को मंगलवार को सर गंगा राम अस्पताल (Sir Gangaram Hospital) से छुट्टी मिल गई। बुधवार को अस्पताल के प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप (Dr. Ajay Swarup) ने ये जानकारी मीडिया को दी। बता दें कि 4 जनवरी को सोनिया गांधी को श्वसन तंत्र में शिकायत के चलते गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Sonia Gandhi को श्वसन तंत्र में शिकायत हुई थी

सोनिया गांधी को श्वसन तंत्र में शिकायत हुई थी और इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ये जानकारी डॉ. अजय स्वरूप ने उनके भर्ती होने के दौरान दी थी। डॉ. अरूप बसु और उनकी टीम (Dr Arup Basu and his team) की देखरेख में चेस्ट मेडिसिन विभाग (Chest Medicine Department) में सोनिया गांधी को भर्ती कराया गया था। सोनिया गांधी अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) के साथ अस्पताल में भर्ती होने के लिए पहुंची थी।

बता दें कि जब सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती हुई थीं, तब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Former Congress President Rahul Gandhi) भारत जोड़ो यात्रा बीच में छोड़कर दिल्ली उनसे मुलाकात करने पहुंचे थे।

शुक्रवार को अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा था कि वह स्थिर है और ठीक हो रही है। अस्पताल के एक बयान में कहा गया, “श्रीमती सोनिया गांधी (यूपीए अध्यक्ष) जो एक वायरल श्वसन संक्रमण के लिए अस्पताल में भर्ती हैं, स्थिर हैं और धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं।”

24 दिसंबर को सोनिया गांधी भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थीं। कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे हैं। ये यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक की है। अभी यात्रा पंजाब में है और 20 जनवरी के करीब कश्मीर पहुंचेगी।

2 जून 2022 को कोरोना से संक्रमित हुई थीं सोनिया गांधी

बता दें कि 12 जून 2022 को अचानक सोनिया गांधी की नाक से काफी खून बहने लगा था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। कोरोना की वजह से हुईं स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते उन्हें हॉस्पिटल जाना पड़ा था। सोनिया गांधी 2 जून 2022 को कोरोना से भी संक्रमित हुई थीं।