कुछ दिन पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने खेतों में धान रोपा था। उस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं, जो धान रोप रही थीं। वहीं अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने कांग्रेस की दिग्गज नेता सोनिया गांधी कुछ महिलाओं के साथ डांस कर रही हैं।
महिलाओं को गांधी परिवार ने किया लंच पर आमंत्रित
दरअसल ये वही महिलाएं हैं, जिनके साथ राहुल गांधी ने खेतों में धान रोपा था। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने इन महिलाओं को अपने घर पर आमंत्रित किया और उनके साथ लंच भी किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी महिलाओं से बातचीत कर रही हैं और उनके साथ लंच भी कर रही हैं।
वीडियो में ही प्रियंका गांधी एक महिला को गले लगाते नजर आ रही हैं। इसके बाद सोनिया गांधी एक गाने की धुन पर महिलाओं के साथ डांस कर रही हैं। सोनिया गांधी वीडियो में महिलाओं को दुलारती हुईं भी दिख रही हैं।
बता दें कि सोनिया गांधी ने खुद ही सभी महिलाओं को अपने आवास पर लंच के लिए न्योता भेजा था। इन महिलाओं को सोनीपत से लाने के लिए राहुल गांधी ने ही गाड़ियों का इंतजाम किया था। महिलाएं सोनिया गांधी से मिलने के बाद इंडिया गेट देखने पहुंची।
आज सुबह ही राहुल गांधी ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया , जिसमे वह खेत में धान रोपते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसमें उनके साथ कई किसान भी नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी ने वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट कर लिखा कि धान की रोपाई, मंजी पर रोटी – किसान हैं भारत की ताकत।सोनीपत, हरियाणा में मेरी मुलाकात दो किसान भाइयों, संजय मलिक और तसबीर कुमार से हुई। वो बचपन के जिगरी दोस्त हैं, जो कई सालों से एक साथ किसानी कर रहे हैं। उनके साथ मिल कर खेतों में हाथ बटाया, धान बोया, ट्रैक्टर चलाया, और दिल खोल कर कई बातें हुईं। गांव की महिला किसानों ने अपने परिवार की तरह प्यार और सम्मान दिया, और घर की बनी रोटियां खिलाईं।