आम आदमी पार्टी के साथ बुधवार को उस वक्त एक और विवाद जुड़ गया जब पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती के खिलाफ उनकी पत्नी ने घरेलू हिंसा की शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद दिल्ली महिला आयोग ने विधायक को नोटिस जारी किया।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने बुधवार को कहा कि भारती से 26 जून तक जवाब मांगा गया है। अपनी शिकायत में विधायक की पत्नी लिपिका भारती ने उन पर घरेलू हिंसा और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। भारती की पत्नी ने कहा, ‘मैं और मेरे बच्चे पति सोमनाथ भारती से मानसिक, शारीरिक और मौखिक प्रताड़ना व यातना का सामना कर रहे हैं। मुझे अपने पति और उनके समर्थकों से खतरा है’।
मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक भारती ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि ये निराधार हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरी पत्नी कहती है कि मुझे राजनीति छोड़ देनी चाहिए। मैं बहुत दुखी हूं। मैं अपनी पत्नी और छोटे बच्चों से प्यार करता हूं’।
बरखा सिंह ने कहा कि भारती की पत्नी लिपिका ने ‘दहेज, धोखाधड़ी, जालसाजी, शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न की शिकायत की है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा, ‘शिकायत के मुताबिक वे एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करती हैं और साल 2010 में भारती से शादी की। भारती ने उनसे दहेज की मांग की। महिला के परिवार को शादी का पूरा खर्च उठाना पड़ा था और उनसे कार की भी मांग की गई थी’।

-लिपिका, सोमनाथ की पत्नी
उन्होंने कहा, ‘पत्नी ने कहा कि भारती ने झूठ बोला। भारती ने कहा था कि वे एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी के मालिक हैं लेकिन बाद में पता चला कि ऐसा नहीं था। उन्होंने शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न की शिकायत की है’।
बरखा सिंह ने कहा, ‘उन्होंने बुधवार दोपहर हमसे संपर्क किया और अपने पति सोमनाथ भारती पर 2010 से मारपीट करने और घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। हमने भारती को नोटिस जारी कर उनसे कहा है कि वे हमारे समक्ष 26 जून तक उपस्थित हों। वे अब प्रताड़ना का अंत चाहती हैं’।
बरखा ने कहा कि लिपिका तीन सालों से द्वारका में अलग रह रही थीं और भारती उनके पास जाया करते थे। लिपिका ने कहा कि वे साल 2010 से मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। लिपिका ने शिकायत में कहा, ‘सभी चीजों को बयां कर पाना मेरे लिए मुश्किल होगा। यह लंबे समय से चल रहा था। यह 2010 से चल रहा है। मैं अलग होना चाहती हूं, मैं इस शादी से बाहर निकलना चाहती हूं। मैं अपने बच्चों के साथ गरिमा के साथ रहना चाहती हूं। यह निरंतर चल रहा है जिससे मैं गुजर रही हूं’।
इस बारे में प्रतिक्रिया मांगे जाने पर आप के प्रवक्ता ने कहा कि यह व्यक्तिगत मामला है। भारती आप की 49 दिनों की पहली सरकार में कानून मंत्री थे। मंत्री रहते खिड़की एक्सटेंशन में कथित देह व्यापार गिरोह के खिलाफ छापेमारी को लेकर भी भारती विवादों में रहे थे। उन पर अफ्रीकी महिलाओं के साथ बदसलूकी का आरोप था। इस मामले में उनकी दिल्ली पुलिस अधिकारी के साथ तीखी तकरार भी हुई थी।