महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ पार्टी शिवसेना से राज्यसभा सांसद संजय राउत ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि महाराष्ट्र में हमारी सरकार बहुमत में है लेकिन फिर भी केंद्र सरकार हमारे खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने देश को संविधान दिया था मगर केंद्र सरकार बाबा साहेब के द्वारा दिए गए संवैधानिक मूल्यों का मजाक उड़ा रही है।
संजय राउत ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि डॉ बाबासाहेब अंबेडकर के नेतृत्व में जो संविधान सभा थी। उन्होंने देश को, जनता को और राज्यों को अधिकार दिया। लेकिन आज सभी के अधिकार कुचले जा रहे हैं। महाराष्ट्र में हमारी सरकार बहुमत में है फिर भी हमारे खिलाफ कभी केंद्रीय जांच एजेंसी तो कभी राजभवन को लगा दिया जाता है। ये सभी संविधान के खिलाफ है।
संजय राउत ने मोदी सरकार के द्वारा मनाए जा रहे संविधान दिवस को लेकर कहा कि विपक्ष ने एकजुट होकर विरोध जताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि मेरी बात महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से हुई है और हमारी पार्टी ने इसका बहिष्कार किया है। हमारे सांसद इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। हालांकि इस दौरान उन्होंने मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
शुक्रवार को संसद भवन के सेंट्रल हॉल में संविधान दिवस का आयोजन किया गया। लेकिन अधिकांश विपक्षी पार्टियों ने इस कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करने के दौरान विपक्षी दलों पर निशाना भी साधा। साथ ही उन्होंने परिवारवाद को लेकर कांग्रेस को भी निशाने पर लिया।
सेंट्रल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजनीतिक दल भी संविधान को जन जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अंग है। लेकिन संविधान की भावना को भी चोट पहुंची है, संविधान की एक-एक धारा को भी चोट पहुंची है, जब राजनीतिक दल अपने आप में अपना लोकतांत्रिक कैरेक्टर खो देते हैं। जो दल स्वयं लोकतांत्रिक कैरेक्टर खो चुके हों, वो लोकतंत्र की रक्षा कैसे कर सकते हैं।