शिवसेना नेता संजय राउत ने अपनी पूर्व सहयोगी भाजपा पर बृहस्पतिवार को निशाना साधते हुए कहा कि अभिमान लोगों को अक्सर सर्वनाश की राह पर ले जाता है। संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के विरोध में प्रदर्शनों को लेकर भाजपा के सख्त रवैये की पृष्ठभूमि में राउत ने यह तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट किया कि, ‘तूफान में कश्तियां और घमण्ड में हस्तियां अक्सर डूब जाती हैं।’

मार्टिन लूथर किंग के शब्दों को ट्वीट कर कसा था तंज: राज्य में मुख्यमंत्री पद पर साझेदारी के मुद्दे पर भाजपा और शिवसेना की राहें अलग हो गईं थी। उसके बाद से महाराष्ट्र भाजपा का नेतृत्व शिवसेना और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लगातार निशाना बना रहा है। इसका जवाब राउत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए दे रहे हैं। सोमवार (23 दिसंबर) को राउत ने अमेरिकी नेता मार्टिन लूथर किंग के शब्दों को उद्धृत करते हुए भाजपा पर हमला बोला था।

Hindi News Today, 26 December 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

“जो कुछ किया, क्या वह सही था ?”: उन्होंने ट्विटर पर लिखा था कि, ‘‘जहां सियासत धार्मिक मसलों को शांत करे वह देश महान होता है, लेकिन जहां सियासत खुद धार्मिक मसलों को पैदा करे तो समझो कि देश को गलत लोग चला रहे हैं।’’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों से बुधवार (25 दिसंबर) को कहा था कि उन्हें खुद से यह सवाल करना चाहिए कि उन्होंने जो कुछ किया, क्या वह सही था ?

पहले भी ट्वीट कर कस चुके है तंज: बता दें कि महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव के बाद से ही संजय राऊत ट्विटर के जरिए बीजेपी पर लगातार हमला कर रहे है। सीएए के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन पर संजय ने तंज कसते हुए ट्वीट किया था कि,” सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।”