नई दिल्ली। स्वच्छ भारत अभियान के तहत राजधानी में भाजपा जोर-शोर से दिल्ली को चमकाने में जुटी है। कनाट प्लेस के सेंट्रल पार्क में बुधवार शाम सतीश उपाध्याय ने 9 की चेन से जोड़ी गर्इं सामाजिक कार्यकर्ता शाजिया इल्मी के साथ जनजागरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उपाध्याय व इल्मी ने दिल्ली में कूड़ा बीनने का काम करने वालों की सहायक संस्था चिंतन को भी इस अभियान में शामिल किया। चिंतन की अध्यक्ष भारती चतुर्वेदी के साथ बड़ी संख्या में कूड़ा बीनने का काम करने वाले अभियान में शामिल हुए। इन लोगों ने पार्क की सफाई करने के साथ वहां बैठे सैकड़ों लोगों को हरा रिबन लगाकर हरी-भरी स्वच्छ दिल्ली बनाने का आह्वान किया।

शाजिया इल्मी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वच्छता अभियान किसी दल विशेष का अभियान नहीं है। यह एक राष्ट्रीय और धार्मिक कार्य है। स्वच्छता हर धर्म और समाज में अहम है। इस स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका दिए जाने के लिए उन्होंने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वे दिवाली के पहले अपनी 9 की चेन को आगे बढ़ाएंगी।

सतीश उपाध्याय ने एक अन्य कार्यक्रम में फिल्म कलाकार अमिताभ बच्चन को दिल्ली में ‘स्वच्छ भारत अभियान’ में सहयोग के लिए आमंत्रित किया। अमिताभ बच्चन ने भाजपा अध्यक्ष से कहा कि उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा दिल्ली में गुजरा है। अपनी पढ़ाई-लिखाई उन्होंने यहीं से की है। अमिताभ ने कहा कि वे राजधानी में अपने आगामी कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ दिल्ली के लिए अपना योगदान देंगे।

दूसरी ओर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने संगठन महामंत्री विजय शर्मा व पार्षद शैलेंद्र सिंह मोंटी के साथ यूसुफ सराय मार्किट व वार्ड 163 में स्वच्छता अभियान के प्रति जनजागरण अभियान चलाया। यूसुफ सराय मार्किट एसोसिएशन ने प्रदेश अध्यक्ष को आश्वासन दिया कि त्योहारों को लेकर वह अपने स्तर से बाजार की सफाई में जुटी है।