बिहार में रंगदारी के लिए इंजीनियरों की हत्या के मामले सामने आने पर राज्य में कथित ‘जंगलराज’ की वापसी के भाजपा के आरोप को सिरे से खारिज करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि इतने कम समय में किसी सरकार के काम को आंका नहीं जा सकता। भाजपा और उसके गठबंधन सहयोगियों की ओर से बिहार में कथित ‘जंगलराज’ फिर से आ जाने का आरोप बार-बार लगाए जाने पर पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद सिन्हा ने कहा, ‘छोटी सी अवधि में किसी सरकार का प्रदर्शन आंकने का यह कोई तरीका नहीं है’।
बिहार में करीब दो महीने पुरानी जद (एकी), राजद और कांग्रेस की महागठबंधन सरकार के बारे में सिन्हा ने कहा, ‘बिहार की नई सरकार का तो हनीमून पीरियड भी अभी खत्म नहीं हुआ है’। बिहार विधानसभा चुनावों के प्रचार अभियान से खुद को दूर रखने वाले सिन्हा ने सवाल दागा, ‘दिल्ली और महाराष्ट्र में क्या हो रहा है?’ दिल्ली में कानून-व्यवस्था केंद्र सरकार के जिम्मे है, जबकि महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की सरकार है।
सिन्हा ने कहा, ‘नकारात्मक राजनीति कभी सफल नहीं होती। मैं नकारात्मक राजनीति का हिमायती नहीं हूं’। इससे पहले, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने बिहार में हाल में घटी आपराधिक घटनाओं के बाद ‘जंगलराज-2’ का नारा दिया था। केंद्रीय मंत्री और लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान ने भी बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला था। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भी आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन करने की धमकी दी है।
हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान कई बार भाजपा के लिए शर्मिंदगी का सबब बन चुके सिन्हा ने अफसोस जताते हुए कहा, ‘अब तक हार पर गंभीर आत्ममंथन नहीं किया गया है’। वाजपेयी की अगुआई वाली केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके सिन्हा ने कहा, ‘बीमारी के इलाज के बगैर हम पूरी ताकत से आगे कैसे बढ़ पाएंगे’?
दूसरी ओर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद ने शुक्रवार को मकर संक्रांति मनाई। नीतीश, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर आयोजित भोज में हिस्सा लेने पहुंचे। नीतीश ने कहा, ‘बड़े भाई लालूजी ने आशीर्वाद के रूप में मेरे माथे पर टीका लगाया’।
इस मौके पर लालू प्रसाद के छोटे बेटे और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और जद (एकी) अध्यक्ष शरद यादव भी मौजूद थे। तेजस्वी के बड़े भाई और स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव को भी मुख्यमंत्री और गठबंधन के अन्य नेताओं का स्वागत करते देखा गया। न्यू पटना क्लब में प्रदेश जद (एकी) अध्यक्ष वरिष्ठ नारायण सिंह की ओर से आयोजित भोज में भी जद (एकी), राजद और कांग्रेस के नेताओं ने हिस्सा लिया।