दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन को 50 दिन से ज्यादा का वक्त बीत गया है। गुरूवार को शाहीन बाग के धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने ‘हवन’ का आयोजन कर अनेकता में एकता का परियच दिया। इस दौरान कुरान और गुरबाणी का भी पाठ किया गया।
एनडीटीवी की एक खबर के अनुसार, एक प्रदर्शनकारी फातिमा नामक महिला ने हवन के दौरान मंत्र पढ़े। वहीं हवन कराने वाले पंडित ने टोपी पहन रखी थी।
वहीं धरना स्थल पर हवन कराने वाले सुनील भार्गव सिर पर टोपी लगाए नजर आए। एनडीटीवी की खबर के अनुसार, सुनील भार्गव ने पीएम मोदी को लेकर कहा कि ‘मोदी जी मैं सुनील भार्गव हूं, मैं हवन भी कर रहा हूं और मैंने टोपी भी लगा रखी है। मेरी मुस्लिम बहन ने गायत्री मंत्र पढ़ा है। मोदी जी और शाह जी आज आप हमारे कपड़ों से धर्म पहचानिए।’
एक प्रदर्शनकारी ने बताया कि ‘धरना स्थल पर गीता, बाइबल, कुरान और गुरबानी का पाठ किया गया। इसके साथ ही संविधान की प्रस्तावना भी पढ़ी गई और आंदोलन को अपना समर्थन दिया गया।’
पीएम मोदी ने अपने एक बयान में शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों को कपड़ों से पहचानने की बात कही थी। इसके साथ ही हाल ही में दिल्ली में एक रैली में पीएम मोदी ने शाहीन बाग के धरने प्रदर्शन को संयोग नहीं बल्कि प्रयोग करार दिया था।
बता दें कि संशोधित नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग में लोगों द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग इलाके की मुख्य सड़क पर जमे हैं और रास्ता बंद कर रखा है। विभिन्न राजनैतिक पार्टियों के लोग इस धरने प्रदर्शन को अपना समर्थन दे चुके हैं। वहीं सत्ताधारी भाजपा द्वारा इस धरने प्रदर्शन पर निशाना साधा जा रहा है।
वहीं केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि शाहीन बाग में “आत्मघाती बम हमलावर” पल रहे हैं, जहां सीएए के विरोध में कई हफ्तों से प्रदर्शन चल रहे हैं। गिरिराज ने प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधते हुए एक महिला के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।
गिरिराज सिंह ने एक अन्य वीडियो साझा करते हुए कहा कि बच्चों के दिमाग में जहर भरा जा रहा है। इस वीडियो में कुछ बच्चे कथित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं।
गिरिराज ने आरोप लगाया, “यह शाहीन बाग अब सिर्फ आंदोलन नहीं रह गया है ..यहाँ सूइसाइड बॉम्बर का जत्था बनाया जा रहा है। देश की राजधानी में देश के खिलाफ साजिश हो रही है।”