नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ईडी ने बुधवार को तीसरी बार पूछताछ की। वहीं, इस कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार को कांग्रेस पार्टी की महिलाएं भी राहुल गांधी के समर्थन में उतरीं और उन्होंने ईडी की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कई महिलाएं पुलिस से भिड़ गईं। इस बीच, कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आईं हैं जिनमें सुरक्षाबल के जवान महिला कार्यकर्ताओं को पकड़कर घसीटते देखते जा रहे हैं। कुछ तस्वीरों में सुरक्षाबल के जवान महिला कार्यकर्ताओं को पकड़कर मौके से हटाते देखे जा सकते हैं। इसी तरह की एक तस्वीर शेयर करते हुए यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने पूछा, “अमित शाह जी, थोड़ी शर्म बाकी है?”

इस तस्वीर को अभिषेक दत्त ने शेयर किया था, जिसे रिट्वीट करते हुए श्रीनिवास बीवी ने गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। अभिषेक दत्त ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, “क्या न्यूज चैनल्स पुलिस के इस अभद्र व्यवहार पर टिप्पणी करने की हिम्मत करेगा?” इस तस्वीर में सुरक्षाबल का जवान एक महिला कार्यकर्ता को पकड़े हुए है।

कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें पुलिस और सुरक्षाबल के जवान पार्टी मुख्यालय में घुस रहे हैं। वहां पत्रकारों और सुरक्षाबलों के बीच बहस भी हुई। इस वीडियो को शेयर करते हुए सुरजेवाला ने लिखा, “आतंक और अत्याचार का ये नंगा नाच, पूरा देश देख रहा है। मोदी जी, अमित शाह और दिल्ली पुलिस सनद रहे, सब याद रखा जाएगा।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “सीएम,सांसद,पूर्व केंद्रीय मंत्री,वरिष्ठ नेताओं और महिलाओं पर जुल्म ढाने के बाद देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के मुख्यालय में पुलिस घुसाकर हमला करा दिया।” वहीं, कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर मोदी सरकार पर निशाना साधा गया।

इस ट्वीट में कहा गया, “भाजपा सरकार की तानाशाही और क्रूरता ने आज फिर मानवता को शर्मसार कर दिया। भाजपाई गुंडागर्दी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वॉटर कैनन का प्रयोग भाजपा सरकार की बर्बरता का जीता-जागता सबूत है।”