देश में कोरोना वैक्सीनेशन के आंकड़ों पर मोदी सरकार खुद की पीठ ठोक रही है, लेकिन विपक्षी दल उस पर निशाना साध रहे हैं। दरसअल भारत में 100 करोड़ से ज्यादा लोगों का वैक्सीनेशन हुआ है, इस पर देश में जश्न का माहौल है, लेकिन विपक्ष इस मुद्दे को लेकर हमलावर है।
इस मुद्दे को लेकर न्यूज18 इंडिया पर तीखी बहस हुई, जिसमें बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा और कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे आपस में भिड़ते नजर आए। पात्रा ने कहा कि इस वैक्सीन को लेकर विपक्ष का भ्रम दूर हो गया। पहले लोग कहते थे कि 100 करोड़ लोगों को वैक्सीन पहुंचाने में 12 साल लग जाएंगे लेकिन अब महामारी के कुछ समय बाद ही 100 करोड़ लोगों का वैक्सीनेशन हो गया। ये नया हिंदुस्तान है।
पात्रा ने कहा कि भारत ने वैक्सीनेशन को लेकर जो कीर्तिमान स्थापित किया है, वह कोई छोटा विषय नहीं है। इसमें हिंदुस्तान की जीत है। उन्होंने कांग्रेस प्रवक्ता पर तंज कसते हुए कहा कि मैं तो नेहरूजी को भी धन्यवाद दे रहा हूं। मुझे बोलने दें, फिर गाली-गलौच होगी तो आप कहेंगे कि राहुल गांधी को ऐसा कह दिया। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आपको जो संस्कार मिले हैं, आप वैसा ही तो बोल रहे हैं। अभद्रता आपको विरासत में मिली है।
बता दें कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 अक्टूबर(शुक्रवार) को सुबह 10 बजे राष्ट्र को संबोधित करने के दौरान कहा था कि भारत का टीकाकरण अभियान ‘‘विज्ञान-जनित, विज्ञान-संचालित और विज्ञान-आधारित’’ है, साथ ही इसमें कोई ‘‘वीआईपी-संस्कृति’’ भी नहीं है।
उन्होंने कहा कि सभी को साथ लेकर, देश ने ‘‘सबको टीका, मुफ्त टीका’’ अभियान की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का केवल एक मंत्र है, कि अगर बीमारी कोई भेदभाव नहीं करती, तो टीकाकरण में भी किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा , ‘‘ इसलिए यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी प्रकार की वीआईपी संस्कृति को अनुमति ना दी जाए।’’
वहीं पीएम मोदी के संबोधन को लेकर यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने सवाल पूछते हुए ट्वीट किया कि आखिर अब क्या हो गया? क्या अपनी विफलताओं के लिए इस्तीफा दे रहे हैं?
बता दें कि देश में अब तक कोरोना वैक्सीन की 1,00,62,34,803 डोज लगाई जा चुकी है। इनमें से 71,09,80,686 लोगों को वैक्सीन की एक डोज लगी है वहीं 29,53,02,676 लोगों को टीके की दोनों डोज लग चुकी है। 100 करोड़ के आंकड़े को पार करने पर पीएम मोदी ने देशवासियों को बधाई दी थी।
