Electoral Bonds: एसबीआई (SBI) द्वारा सूचना के अधिकार (RTI) को दिए एक जवाब में जानकारी सामने आई है कि 2018 में चुनावी बॉन्ड या इलेक्टोरल बॉन्ड (EB) योजना की शुरुआत के बाद से अब तक सबसे ज्यादा मुंबई में बिके हैं। एक आंकड़े के अनुसार इलेक्टोरल बॉन्ड 1 से 10 अक्टूबर 2022 तक सबसे ज्यादा स्टेट बैंक की मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद शाखाओं में बेचे गए गए हैं। इसके अलावा कैशिंग में दिल्ली पहले नंबर पर है। कमोडोर लोकेश बत्रा (रिटायर्ड) की ओर से इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर RTI दायर की गई थी। इसके जवाब में SBI ने 23 नवंबर, 2022 को ये आंकड़े जारी किए हैं।

मार्च 2018 में बेची गई पहली किश्त

2018 में योजना की शुरुआत के बाद से 1 अक्टूबर, 2022 तक भारतीय स्टेट बैंक की मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद ब्रांच में कुल चुनावी बॉन्ड का लगभग 65% हिस्सा बेचा गया है। SBI की ओर से सूचना के अधिकार (RTI) के जवाब के अनुसार, इस अवधि के दौरान कुल बॉन्ड में से 62% नई दिल्ली ब्रांच में कैश करवाए गए।

पहली किश्त मार्च 2018 में बेची गई थी। SBI की 17 शाखाओं में अब तक 10,791.47 करोड़ रुपए के इलेक्टोरल बॉन्ड बेचे गए। हालांकि, बैंक की 29 शाखाएं उन्हें बेचने के लिए अधिकृत हैं। SBI ने 23 नवंबर, 2022 को कमोडोर लोकेश बत्रा (रिटायर्ड) की ओर से दायर RTI के जवाब में, इलेक्टोरल बॉन्ड की बिक्री को लेकर डेटा शो किया। इसमें मुंबई (2,742.12 करोड़ रुपए), कोलकाता (2,387.71 करोड़ रुपए) और हैदराबाद (1,885.35 करोड़ रुपए) टॉप तीन में थे।

सबसे ज्यादा चुनावी बॉन्ड दिल्ली ब्रांच में हुए कैश

आरटीआई के जरिए खुलासा हुआ है कि एसबीआई दिल्ली ब्रांच ने 1,519.44 करोड़ रुपए के चुनावी बॉन्ड बेचे, जबकि सबसे ज्यादा 6,748.97 करोड़ रुपए कैश करवाए गए। उसके बाद हैदराबाद में 1,384.03 करोड़ रुपए और कोलकाता में 1,012.98 करोड़ रुपए के बॉन्ड कैश करवाए गए। SBI के आंकड़ों के अनुसार, अब तक SBI की 14 रीजनल ब्रांच में बॉन्ड को एनकैश किया गया है। श्रीनगर और गंगटोक शाखाओं में 50 लाख रुपए और 2.50 करोड़ रुपए के बॉन्ड एनकैश हुए, जबकि दोनों शाखाओं में शून्य बिक्री देखी गई।

क्या है इलेक्टोरल बॉन्ड

2017 के बजट में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने चुनावी या इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम को पेश किया था। 29 जनवरी 2018 को केंद्र सरकार ने इसे नोटिफाई किया। ये एक तरह का प्रोमिसरी नोट होता है। जिसे बैंक नोट भी कहते हैं। इसे कोई भी भारतीय नागरिक या कंपनी खरीद सकती है। अगर आप इसे खरीदना चाहते हैं तो आपको ये स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की चुनी हुई ब्रांच में मिल जाएगा। इसे खरीदने वाला इस बॉन्ड को अपनी पसंद की पार्टी को डोनेट कर सकता है। बस वो पार्टी इसके लिए एलिजिबल होनी चाहिए।