निजता के अधिकार के बारे में उच्चतम न्यायालय के एक हालिया फैसले का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री किरण रिजीजू ने आज कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और हित सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने यहां कहा, ‘‘मैं यहां उच्चतम न्यायालय के फैसले की आलोचना करने नहीं आया हूं। यह देश का कानून बन गया है। कानून और नीतियां बनाने की प्राथमिक जिम्मेदारी संसद के पास है। हमें देश के संप्रभु लोगों ने इसके लिए अधिकृत किया है। कानून बनाने की प्राथमिक जिम्मेदारी हमारे पास है।’’ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री साइबर सुरक्षा पर एसोचैम द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उच्चतम न्यायालय ने 24 अगस्त को फैसला दिया था कि संविधान के भाग तीन में र्विणत कुछ शर्तों के साथ निजता का अधिकार एक मौलिक अधिकार है।
मंत्री ने कहा कि निजता काफी महत्वपूर्ण है और यह मौलिक अधिकार का एक अंतर्भूत हिस्सा है। उन्होंने कहा कि संविधान में वर्णित प्रावधानों की समीक्षा का कोई सवाल ही नहीं है और इसमें कोई संदेह नहीं है। इसके साथ ही निजता बिना शर्त नहीं हो सकती। राष्ट्रीय हित भी एक चीज होती है। राष्ट्रीय सुरक्षा भी कोई चीज है। उन्होंने कहा कि जब बात राष्ट्रीय सुरक्षा की आती है तो उनका निजी तौर पर मानना है कि राष्ट्रीय हित सबसे चीजों से ऊपर है।
रिजीजू ने कहा कि जैसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना है, आधार के जरिए लाभ लोगों तक पहुंच सकती है, अगर भारतीय अर्थव्यवस्था को डिजिटल अर्थव्यवस्था में परिर्वितत कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल या साइबर मंच द्विपक्षीय समझौतों का एक अहम हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि साइबर सुरक्षा की चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के सामने हम जितना खुलते जा रहे हैं, हम उतने ही संवेदनशील हो रहे हैं।