रिपब्लिक भारत पर डिबेट के दौरान एंकर अर्नब गोस्वामी ने कहा कि राहुल गांधी कब तक किसानों से छल कर के अपनी सियासत चमकाओगे। कांग्रेस को किसानों के प्रदर्शन में संजीवनी दिख रही है। इन्हें लगता है कि इस मुद्दे को उठाएंगे तो चर्चा में आ जाएंगे।
डिबेट की शुरुआत में एकंर अर्नब गोस्वामी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया उनका किया एक और घोटाला सामने आया है। पार्टी ने दस्तखत घोटाला किया है। पार्टी ने सरासर झूठ बोलने का काम किया है। किसानों के नाम पर कांग्रेस पार्टी फरेब करने का काम कर रही है। कांग्रेस ने दावा किया कि उसके पास 2 करोड़ किसानों के दस्तखत हैं। पार्टी ने दावा किया था कि ये 2 करोड़ दस्तखत कृषि कानून के खिलाफ हैं।
एंकर ने कहा कि अगर 2 करोड़ किसान कांग्रेस के साथ हैं तो पार्टी का तो सत्ता में होना चाहिए था। अर्नब ने कहा कि जो पार्टी लोकसभा चुनावों में 50 सीटों पर सिमट गई वह इतने कम समय में 2 करोड़ किसानों के दस्तखत कहां से ले आई। कांग्रेस के कार्यकर्ता भी किसानों के पास जाकर दस्तखत जुटाते तो इतनी जल्दी 2 करोड़ दस्तखत नहीं ला सकते।
अर्नब ने कहा कि कांग्रेस ने जिन किसानों के हस्ताक्षर जुटाए उनमें से किसी की जानकारी नहीं थी। एंकर ने कहा कि जो किसान आंदोलन कर रहे हैं वो भी कहते हैं कि कांग्रेस झूठ बोल रही है। एंकर ने कहा कि राहुल गांधी गणित में कैसे पास हो गए। राहुल गांधी को उतना ही झूठ बोलना चाहिए जितना कि लोग पचा सकें।
बता दें कि आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किसानों से अपील की कि कृषि कानूनों को एक या दो साल के लिए लागू किया जाए। कानून किसानों के लिए लाभकारी नहीं पाए जाने पर सरकार उन्हें संशोधित करने के लिए तैयार होगी।
दिल्ली में एक रैली में सिंह ने कहा, “कृषि कानूनों को एक या दो साल के लिए लागू किया जाना चाहिए। आइए इसे एक प्रयोग के रूप में आजमाएं और किसानों के लिए लाभकारी नहीं होने पर सरकार हर संभव संशोधन के लिए तैयार होगी।”
जानकारी हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) कार्यक्रम के तहत नौ करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 18,000 करोड़ जारी किए।
