पाकिस्तान के बलूचिस्तान में जिस भारतीय को ‘रॉ एजेंट’ बताकर गिरफ्तार किया गया है, उसके बारे में नया खुलासा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कुलभूषण जाधव मुंबई के एक रिटायर्ड एसीपी का बेटा है। नेवी से प्री-मैच्योर रिटायरमेंट के बाद वह बिजनेस करना लगा था। फॉरेन मिनिस्ट्री ने भी कहा है कि जाधव भारतीय नागरिक हैं, लेकिन उनका सरकार से कोई ताल्लुक नहीं है।

Read Also: भारत ने कहा सरकार से कोई संबंध नहीं

जाधव के पास से जो डॉक्‍यूमेंट्स बरामद किए गए हैं उन पर मुंबई के एक रिटायर्ड एसीपी के घर का एड्रेस है। मुंबई पुलिस के एक सूत्र ने कहा- हम जांच कर रहे हैं। लेकिन रिटायर्ड एसीपी का फोन स्विच ऑफ आ रहा है और उनके फ्लैट पर भी ताला लगा है। रिटायर्ड एसीपी का नाम सुधीर जाधव बताया जा रहा है। कुलभूषण के चाचा भी पुलिस में हैं। बताया जा रहा है कि जब 2002 में सलमान खान के खिलाफ हिट एंड रन केस दर्ज हुआ था, तब वह बांद्रा पुलिस स्‍टेशन के इंचार्ज थे।

पाकिस्तान ने भारतीय हाई कमिश्नर को तलब किया: पाकिस्तान के फॉरेन सेक्रेटरी ने शुक्रवार को इस मामले में इंडियन हाई कमिश्नर गौतम बम्बावाले को तलब किया था। पाकिस्तान की फॉरेन मिनिस्ट्री की तरफ से जारी बयान में कहा गया है- हमने इंडियन हाई कमिश्नर को मामले की जानकारी देने के साथ इस मामले पर विरोध जताया है। यह बलूचिस्तान और पाकिस्तान के मामले में दखलंदाजी है। इसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से बयान आया। इसमें कहा गया- गिरफ्तार किया गया शख्स भारतीय है। लेकिन उसका सरकार से कोई लिंक नहीं है।