दिल्ली से सटे अलग अलग सीमाओं पर पिछले दो महीनों से अधिक समय से किसानों का आंदोलन चल रहा है। अब किसान आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय जगत से भी समर्थन मिल रहा है। पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग , हॉलीवुड सिंगर रिहाना ने भी किसानों का समर्थन किया है। हालाँकि उनके समर्थन देने से देश में एक अलग तरह का विवाद पैदा हो गया है। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि वे रिहाना को नहीं जानते हैं लेकिन अगर किसी विदेशी ने भी समर्थन किया है तो उसमें कुछ भी गलत नहीं है। साथ ही राकेश टिकैत ने सरकार को चेताते हुए कहा है कि आपको जनता से माफ़ी मांगनी होगी नहीं तो रैली को तरस जाओगे।
दरअसल पॉप सिंगर रिहाना, पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग, अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस की भांजी मीना हैरिस सहित कई मशहूर हस्तियों ने भारत में किसानों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया। विदेशी हस्तियों के समर्थन पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि उन्होंने हमारा समर्थन किया है लेकिन मैं उन्हें नहीं जानता हूँ। साथ ही टिकैत ने यह भी कहा कि अगर विदेश के कुछ लोग किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं तो समस्या क्या है। वे ना हमें कुछ दे रहे हैं और ना ही हमसे कुछ ले रहे हैं।
वहीँ राकेश टिकैत ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि आपको अंजाम भुगतना होगा। आपने पंजाब और हरियाणा के किसानों पर लाठीचार्ज किया है ,आंसू गैसे के गोले छोड़े हैं और आपको यह खुद ही भुगतनी होगी। आप अपनी ही जमीन पर रैली नहीं कर पायेंगे। जबतक आप माफ़ी नहीं मांगेंगे तो आपको रैली के लिए तरसा देंगे और कोई भी प्रोग्राम नहीं होने देंगे।
आपको बता दूँ कि पिछले 71 दिन से किसान सरकार द्वारा पारित किये गए तीनों कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। 6 जनवरी को किसानों ने देशभर में चक्का जाम करने का लक्ष्य रखा है। इस बीच किसानों का मुद्दा संसद में भी उठाया गया है। इतना ही नहीं करीब 15 सांसद राकेश टिकैत से मिलने गाजीपुर बॉर्डर भी गए थे लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें बैरीकेडिंग के पास ही रोक दिया। हालाँकि टिकैत ने कहा कि उन्होंने किसी भी सांसद से बात नहीं की और ना ही प्रदर्शनकारियों से बात करने दी गयी।

