Rajya Sabha Election: राज्य सभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। कांग्रेस राजस्थान में जहां बीजेपी को पटखनी देने में कामयाब रही है, वहीं हरियाणा में उसे हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस ने हरियाणा में क्रॉस वोटिंग करने वाले अपने विधायक कुलदीप बिश्नोई को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

महाराष्ट्र समेत चार सूबों (राजस्थान, हरियाणा और कर्नाटक) में खाली हुई 16 सीटों के लिए इन चुनावों में कहां से कौन जीता और किसे हार का सामना करना पड़ा? जानिए पूरा रिजल्ट एक नजर में:

RS चुनाव के परिणाम, एक नजर में:

महाराष्ट्र:
छह सीट- उम्मीदवार : सात (भाजपा के तीन, शिवसेना के दो, कांग्रेस का एक और राकांपा का एक) नतीजे
भाजपा : तीन
शिवसेना : एक
कांग्रेस : एक
राकांपा : एक
विजयी उम्मीदवार : पीयूष गोयल (भाजपा), अनिल बोंडे (भाजपा), धनंजय महाडिक (भाजपा), संजय राउत (शिवसेना), इमरान प्रतापगढ़ी (कांग्रेस), प्रफुल्ल पटेल (राकांपा)
हारने वाले उम्मीदवार : संजय पवार (शिवसेना)

चार सूबों की 16 सीटों पर कहां से कौन जीता चुनाव और किसे मिली हार? जानिए पूरा रिजल्ट

राजस्थान :
चार सीट – उम्मीदवार : पांच (कांग्रेस के तीन, भाजपा का एक और भाजपा तथा आरएलपी के समर्थन वाला एक उम्मीदवार) नतीजे –
कांग्रेस : तीन
भाजपा : एक
विजयी उम्मीदवार : रणदीप सुरजेवाला (कांग्रेस), मुकुल वासनिक (कांग्रेस), प्रमोद तिवारी (कांग्रेस), घनश्याम तिवाड़ी (भाजपा)
हारने वाले उम्मीदवार : सुभाष चंद्रा (भाजपा और आरएलपी के समर्थन वाले निर्दलीय)

Rajya Sabha Elections: कब, कैसे और क्यों होते हैं राज्य सभा चुनाव…? वोटिंग से लेकर जानिए इनकी अहमियत

कर्नाटक :
चार सीट – उम्मीदवार : छह (भाजपा के तीन, कांग्रेस के दो और जद(एस) का एक) नतीजे –
भाजपा : तीन
कांग्रेस : एक
विजयी उम्मीदवार : निर्मला सीतारमण (भाजपा), जग्गेश (भाजपा), लहर सिंह सिरोया (भाजपा), जयराम रमेश (कांग्रेस)
हारने वाले उम्मीदवार : डी. कुपेंद्र रेड्डी (जद-एस), मंसूर अली खान (कांग्रेस)

कौन हैं निर्दलीय विजेता कार्तिकेय शर्मा, जिन्होंने कांग्रेसी अजय माकन का तोड़ दिया सपना?

हरियाणा :
दो सीट- उम्मीदवार : तीन (भाजपा का एक, कांग्रेस का एक और एक निर्दलीय) नतीजे –
विजयी उम्मीदवार : कृष्ण लाल पंवार (भाजपा), कार्तिकेय शर्मा (भाजपा-जजपा द्वारा समर्थित निर्दलीय)
हारने वाले उम्मीदवार : अजय माकन (कांग्रेस)

Live Updates

Rajya Sabha Election (Chunav) Results 2022 Live: चार राज्यों की 16 सीटों के लिए चल यहां पाएं पल-पल के ताजा अपडेट्स

21:11 (IST) 11 Jun 2022
कांग्रेस आलाकमान पर भड़के कुलदीप

कांग्रेस से निकाले जाने के बाद कुलदीप बिश्नोई पार्टी आलाकमान पर भड़के हुए दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में नेताओं के लिए अनुशासन को लेकर अलग-अलग नियम हैं। उन्होंने कहा- "अनुशासनहीनता को अतीत में बार-बार नजरअंदाज किया गया है। मेरे मामले में, मैंने अपनी आत्मा की सुनी और अपनी नैतिकता पर काम किया।"

18:43 (IST) 11 Jun 2022
कुलदीप बिश्नोई पार्टी से हुए बाहर

कांग्रेस ने हरियाणा के बागी विधायक कुलदीप बिश्नोई को पार्टी से बाहर निकाल दिया है। बिश्नोई ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी।

17:15 (IST) 11 Jun 2022
हार के बाद क्या बोले माकन

हार के बाद अजय माकन ने कहा- "हम वरीयता परिणाम में निर्दलीय उम्मीदवार से आगे थे। हमने आपत्ति की थी कि 1 वोट जो निर्दलीय को दिया गया था उसे रद्द कर दिया जाना चाहिए। लेकिन हमारा वोट रद्द कर दिया गया और उनका अस्वीकार वोट स्वीकार कर लिया गया। हम कानूनी रूप से इसकी जांच कर रहे हैं"।

15:49 (IST) 11 Jun 2022
सुप्रिया सुले ने दी बीजेपी को बधाई

महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने अपनी हार को स्वीकारते हुए, भाजपा को बधाई दी है। सुले ने कहा- "मैं भाजपा को उसके प्रदर्शन के लिए बधाई देती हूं। हम अपनी हार स्वीकार करते हैं। हमें स्पष्ट रूप से आत्मनिरीक्षण करने की आवश्यकता है कि क्या सही हुआ और क्या गलत हुआ।"

15:16 (IST) 11 Jun 2022
कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ कांग्रेस करेगी कार्रवाई

हरियाणा में बगावती तेवर अपनाने वाले कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई पर पार्टी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। कुलदीप बिश्नोई की क्रॉस वोटिंग की वजह सेे कांग्रेस उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा है। हार के बाद अजय माकन ने कहा- "उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए क्योंकि वह पार्टी के खिलाफ गए...।"

12:58 (IST) 11 Jun 2022
धनंजय भीमराव महादिक ने खेली जीत की होली!

मुंबई में जीत के बाद बीजेपी के विजयी उम्मीदवार धनंजय भीमराव महादिक इस अंदाज में नजर आए। (फोटोः पीटीआई)

12:50 (IST) 11 Jun 2022
कहां कितनी सीट पर हुआ चुनाव, जानिए

राज्य सभा चुनाव के लिए 10 जून, 2022 को वोट डाले गए। ये मतदान 16 खाली RS सीटों के लिए हुआ, जो कि चार सूबों में था। इन राज्यों में राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र और कर्नाटक रहे। वोटिंग सुबह नौ बजे शुरू हुई थी और यह शाम चार बजे तक चली। मतों की गिनती शाम पांच बजे चालू हुई थी, जबकि नतीजे देर रात आए।

12:44 (IST) 11 Jun 2022
कर्नाटक में बीजेपी ने जीता किला, राजस्थान में कांग्रेस ने बचाई लाज

राज्य सभा चुनाव में बीजेपी ने कर्नाटक का किला जीता है, जबकि राजस्थान में कांग्रेस ने पार्टी की लाज बचाई। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कांग्रेस के जयराम रमेश और पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला उन आठ उम्मीदवारों में से हैं, जो शुक्रवार को कर्नाटक और राजस्थान से चुने गए। वहीं, विपक्षी दलों की ओर से लगाए गए हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों के चलते महाराष्ट्र और हरियाणा में वोटों की गिनती में देरी हुई।

12:08 (IST) 11 Jun 2022
महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले नहीं : शरद पवार

महाराष्ट्र में राज्यसभा की छह सीटों में से तीन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को कहा कि वह नतीजों को देखकर जरा भी आश्चर्यचकित नहीं हैं। पवार ने बताया कि उनकी पार्टी को एक अतिरिक्त वोट निर्दलीय विधायक का मिला, जिसका झुकाव विपक्षी खेमे की तरफ था। महाराष्ट्र में शुक्रवार को हुए राज्यभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, राज्य के पूर्व मंत्री अनिल बोंडे और पूर्व सांसद धनंजय महाडिक ने जीत दर्ज की।

वहीं, शिवसेना के संजय राउत, राकांपा के प्रफुल्ल पटेल और कांग्रेस के इमरान प्रतापगढ़ी भी राज्यसभा चुनाव में जीत हासिल करने में कामयाब रहे। शिवसेना के दूसरे उम्मीदवार संजय पवार को भाजपा के महाडिक के हाथों हार का सामना करना पड़ा। शरद पवार ने यहां संवाददाताओं से कहा, “मैं नतीजे देखकर हैरान नहीं हूं। अगर आप (महा विकास आघाडी (एमवीए) के सभी घटक दलों) राकांपा, शिवसेना और कांग्रेस के प्रत्येक उम्मीदवार के पक्ष में पड़े वोटों पर नजर डालेंगे तो पता चलेगा उन्हें कोटे के अनुसार मत मिले। सिर्फ प्रफुल्ल पटेल (राकांपा प्रत्याशी) को एक अतिरिक्त वोट हासिल हुआ और मुझे पता है कि यह कहां से आया। यह एमवीए का वोट नहीं था, यह विपक्षी खेमे से डाला गया था।”

11:21 (IST) 11 Jun 2022
भाजपा ने शिवसेना का एक वोट अयोग्य घोषित कराने के लिए निर्वाचन आयोग पर दबाव बनाया: राउत

महाराष्ट्र से शिवसेना के संजय पवार के राज्यसभा चुनाव हारने और भाजपा के धनंजय महाडिक के विजयी होने के बाद, पार्टी नेता संजय राउत ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने शिवसेना का एक वोट अयोग्य घोषित कराने के लिए निर्वाचन आयोग पर दबाव बनाया। राउत ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा की जीत उतनी बड़ी नहीं है जितना बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिवसेना के दूसरे उम्मीदवार ने पहली प्राथमिकता वाले अधिक मत प्राप्त किये हैं। राउत ने स्वयं राज्यसभा की एक सीट पर जीत हासिल की है।

उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि भाजपा के प्रत्याशी ने विजय हासिल की है। पहली प्राथमिकता वाले 33 मत पवार को मिले हैं।” उन्होंने कहा कि महाडिक को पहली प्राथमिकता वाले 27 मत प्राप्त हुए हैं। राउत ने कहा, “वह दूसरी प्राथमिकता वाले मतों के आधार पर जीते हैं।” महाराष्ट्र से कड़े मुकाबले में भाजपा के पीयूष गोयल, अनिल बोंडे और महाडिक राज्यसभा चुनाव में विजयी हुए हैं। शिवसेना से राउत, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से प्रफुल्ल पटेल और कांग्रेस से इमरान प्रतापगढ़ी संसद के उच्च सदन में पहुंचे हैं।

कुल 284 वैध मतों में से गोयल को 48, बोंडे को 48, महाडिक को 41. 56, राउत को 41, प्रतापगढ़ी को 44 और पटेल को 43 मत प्राप्त हुए। चुनाव के नियमों का उल्लंघन होने के आरोपों और मतों को अयोग्य ठहराने की मांग को लेकर भाजपा और शिवसेना दोनों ने निर्वाचन आयोग का रुख किया। आयोग ने महाराष्ट्र के राज्यसभा निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिया कि शिवसेना के विधायक सुहास कांदे के मत को खारिज कर दिया जाए। इसके बाद देर रात एक बजे के पश्चात मतगणना शुरू हुई।

08:32 (IST) 11 Jun 2022
राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया पेचीदा है...ऐसा क्यों बोले शिवसेना नेता संजय राउत?

महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव पर शिवसेना नेता संजय राउत बोले- हमारे दूसरे उम्मीदवार संजय पवार को पहली वरीयता के सबसे ज्यादा 33 वोट मिले हैं, लेकिन राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया पेचीदा है। दूसरी वरीयता के वोट के आधार पर भाजपा उम्मीदवार को बढ़त मिल गई। हमारा एक वोट अमान्य भी घोषित किया गया।

07:57 (IST) 11 Jun 2022
जीत के बाद क्या बोले कृष्ण लाल पंवार?

हरियाणा से राज्यसभा के लिए चुनाव जीतने के बाद भाजपा उम्मीदवार कृष्ण लाल पंवार ने कहा- मैं राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश के नेतृत्व का धन्यवाद करता हूं कि मेरे जैसे छोटे से कार्यकर्ता को ये मौका दिया। मैं सर्व अनुसूचित जाति समाज की तरफ से भाजपा नेतृत्व का धन्यवाद करता हूं।

07:56 (IST) 11 Jun 2022
राजस्थान में राज्यसभा चुनावः जीत के बाद CM के साथ विक्ट्री पोज़ देते कांग्रेसी

07:24 (IST) 11 Jun 2022
हरियाणाः यूं मुंह मीठा कर नवनिर्वाचित उम्मीदवारों को CM ने दी बधाई
#watch हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा से राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित दोनों उम्मीदवारों- भाजपा उम्मीदवार कृष्ण लाल पंवार और भाजपा-जेजेपी समर्थित उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा को बधाई दी। pic.twitter.com/lrinfYGCSN— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 10, 2022
06:55 (IST) 11 Jun 2022
कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने जताया पीएम मोदी की नीतियों में विश्वास: हरियाणा सीएम

हरियाणा के सीएम एमएल खट्टर ने चुनाव नतीजे पर कहा कि कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर खुलकर भाजपा के लिए वोट किया है। मैं कह सकता हूं कि उन्हें पीएम मोदी की नीतियों और विचारधारा में विश्वास है। उन्होंने सोचा भी नहीं था कि इसके बाद कांग्रेस पार्टी उनके साथ क्या करने जा रही है।

06:22 (IST) 11 Jun 2022
जीत के बाद पीयूष गोयल ने पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस को धन्यवाद दिया

महाराष्ट्र से राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "मैं महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस, राज्य पार्टी प्रमुख चंद्रकांत पाटिल और पूरी टीम को जीत के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।"

05:55 (IST) 11 Jun 2022
चुनाव आयोग ने भाजपा का पक्ष लिया: संजय राउत

महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद शिवसेना के संजय राउत ने कहा कि चुनाव आयोग ने हमारे एक वोट को अमान्य कर दिया। हमने दो वोटों का विरोध किया लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। चुनाव आयोग ने उनका (भाजपा) पक्ष लिया।

05:22 (IST) 11 Jun 2022
महाराष्ट्र की 6 सीटों में से भाजपा ने 3 सीटें जीतीं

महाराष्ट्र में राज्य सभा की छह सीटों में से भारतीय जनता पार्टी ने तीन सीटें जीत ली हैं। शिवसेना, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने एक-एक सीट जीतीं। देर रात तक जीत-हार को लेकर राज्य में सियासी गतिविधियां जारी रहीं।

04:11 (IST) 11 Jun 2022
अजय माकन राज्यसभा का चुनाव हारे, देर रात हुआ फैसला

हरियाणा में आखिरकार तमाम कोशिशों के बाद भी कांग्रेस नेता अजय माकन राज्यसभा चुनाव हार गए। कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने कहा कि बहुत कम अंतर से अजय माकन हार गए हैं। हरियाणा में भाजपा प्रत्याशी और निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा के आरोपों के बाद मतगणना रोक दी गई थी।

22:45 (IST) 10 Jun 2022
जेडीएस भाजपा की बी टीम- जयराम रमेश

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि मंसूर अली खान का समर्थन ना करके जेडीएस ने साबित कर दिया है कि वह भाजपा की बी-टीम है।

21:53 (IST) 10 Jun 2022
कर्नाटक में भाजपा की तीन सीटों पर जीत

कर्नाटक में भाजपा ने तीन सीटों पर कब्जा कर लिया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, अभिनेता जग्गेश और लहर सिंह सिरोया ने जीत दर्ज की। जबकि कांग्रेस के जयराम रमेश ने भी जीत हासिल की।

21:13 (IST) 10 Jun 2022
भाजपा ने शोभारानी को निलंबित किया

बीजेपी ने क्रॉस वोटिंग करने वाली विधायक शोभारानी कुशवाहा को पार्टी से निलंबित कर दिया है। शोभारानी पर आरोप है कि उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार प्रमोद तिवारी को वोट दिया था।

20:33 (IST) 10 Jun 2022
राजस्थान में कांग्रेस की तीन सीटों पर जीत

राजस्थान की चार में से तीन सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की जबकि एक सीट पर भाजपा को जीत मिली। वहीं, सुभाष चंद्रा को हार का सामना करना पड़ा।

19:13 (IST) 10 Jun 2022
महाराष्ट्र में निर्वाचन आयोग ने चुनाव की वीडियो रिकॉर्डिंग की फुटेज मांगी

महाराष्ट्र में निर्वाचन आयोग ने चुनाव की वीडियो रिकॉर्डिंग की फुटेज का संबंधित हिस्सा मंगाया है, इस बारे में रिटर्निंग ऑफिसर को मैसेज भेजा गया है।

18:15 (IST) 10 Jun 2022
हरियाणा में रोकी गई वोटों की गिनती

हरियाणा में कार्तिकेय शर्मा और अजय माकन की शिकायत के बीच वोटों की गिनती रोक दी गई है। वहीं, बीजेपी के डेलिगेशन ने चुनाव आयोग से महाराष्ट्र और हरियाणा में राज्यसभा चुनाव की वोटिंग रोकने की मांग की है।

17:11 (IST) 10 Jun 2022
मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात करेगा भाजपा का डेलिगेशन

वोटिंग समाप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल और जितेंद्र सिंह समेत भाजपा का प्रतिनिधिमंडल शाम 5:30 बजे मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात करेगा।

16:47 (IST) 10 Jun 2022
हरियाणा में हो सकती है गिनती में देरी

वोटों की गिनती शाम 5 बजे शुरू होने वाली थी, लेकिन भाजपा और कार्तिकेय शर्मा की कांग्रेस के दो वोटों को अयोग्य घोषित करने की शिकायत के कारण अब वोटों की गिनती में देरी हो सकती है।

16:43 (IST) 10 Jun 2022
चुनाव में सरकार ने प्रलोभन दिया- उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़

राजस्थान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि चुनाव के परिणाम कुछ ही घंटे दूर हैं। चुनाव में सरकार ने प्रलोभन दिया और प्रतिपक्ष के विधायकों को गिरफ़्तारी के माध्यम से दबाने का प्रयास किया।

15:11 (IST) 10 Jun 2022
महाराष्ट्र में आरोप-प्रत्यारोप जारी

राज्यसभा चुनाव में बीजेपी नेता पीयूष गोयल के पोलिंग एजेंट पराग अलावानी ने कहा है कि एमवीए के तीन वोटों- कांग्रेस की यशोमती ठाकुर, एनसीपी के जितेंद्र आव्हाड और शिवसेना के सुहास कांडे पर बीजेपी ने आपत्ति जताई है। बीजेपी ने रिटर्निंग ऑफिसर से उनके वोटों को अमान्य करने का अनुरोध किया है। वहीं राज्यसभा चुनाव में अपने वोट की वैधता पर कांग्रेस नेता यशोमती ठाकुर ने कहा कि सभी चार एमवीए उम्मीदवार चुने जाएंगे। भाजपा यह जानती है और इसलिए भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रही है।

14:23 (IST) 10 Jun 2022
हरियाणा में लड़ाई दिलचस्प

हरियाणा के एक निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने कहा कि वो किसी को भी इस चुनाव में वोट नहीं देंगे। उन्होंने कहा- " मैं कार्तिकेय शर्मा या किसी अन्य उम्मीदवार को वोट नहीं दूंगा और आज 'अनुपस्थित' रहूंगा। मैं हरियाणा के लोगों के साथ खड़ा रहूंगा। यहां विधायकों की खरीद-फरोख्त के लिए 'मंडी' है। मेरे पास कई प्रस्ताव आए लेकिन कोई मुझे खरीद नहीं सकता या मुझे धमकी नहीं दे सकता"।

वोटों की गिनती शाम पांच बजे शुरू की जाएगी। इस चुनाव में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, कांग्रेस उम्मीदवार रणदीप सुरजेवाला, जयराम रमेश, मुकुल वासनिक और शिवसेना के संजय राउत की किस्मत का फैसला होगा। हालांकि, इनके आसानी से जीत दर्ज करने की उम्मीद है। आयोग ने हाल ही में 57 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा की थी।

उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, बिहार, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पंजाब, तेलंगाना, झारखंड और उत्तराखंड में सभी 41 उम्मीदवारों को पिछले शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया था। वहीं, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र और कर्नाटक की 16 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान हो रहा है, क्योंकि उम्मीदवारों की संख्या संबंधित राज्यों में मौजूद सीटों से अधिक है। महाराष्ट्र में दो दशक से अधिक समय के बाद राज्यसभा चुनाव में मुकाबला देखने को मिल रहा है। राज्य की छह सीटों के लिए सात उम्मीदवार मैदान में हैं।