केंद्र सरकार में रेल राज्यमंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे सुरेश अंगड़ी का बुधवार को कोरोनावायरस संक्रमण की वजह से निधन हो गया। दो हफ्ते पहले ही उनकी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उन्होंने ट्विटर के जरिए अपने संपर्क में आने वालों को स्वास्थ्य का ध्यान रखने और लक्षण दिखने पर टेस्ट कराने की सलाह दी थी। हालत बिगड़ने के बाद कर्नाटक के बेलगावी से सांसद अंगड़ी को AIIMS में भर्ती कराया गया था। हालांकि, इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सुरेश अंगड़ी केंद्रीय कैबिनेट के पहले मंत्री हैं, जिनकी कोरोना से मौत हुई है। वे कर्नाटक से दूसरे सांसद हैं, जिनकी संक्रमण से जान गई है। इससे पहले राज्यसभा से भाजपा सांसद अशोक गश्ती की भी कोरोना से ही मौत हुई थी। अंगड़ी का जन्म बेलगावी के कोप्पा गांव में हुआ था। बेलगावी से उनके लगाव की बात इसी से समझी जा सकती है कि उन्होंने जिले से ही कानून की पढ़ाई पूरी की। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं।
अंगड़ी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि सुरेश अंगड़ी एक शानदार कार्यकर्ता थे। पीएम ने कहा, “उन्होंने पार्टी को कर्नाटक में मजबूत बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। वे एक समर्पित सांसद थे और प्रभावी मंत्री थे, जिन्हें हर तरफ पसंद किया जाता था। उनकी मृत्यु दुख देने वाली है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ओम शांति।” कर्नाटक के ही एक और सांसद राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि सुरेश अंगड़ी की मौत की खबर दुखद और डरावनी है। अंगड़ी की मौत पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दुख जताते हुए कहा, “मुझे अंगड़ी जी का मुस्कुराता हुआ चेहरा याद है। इस बुरी खबर को सुनकर काफी दुख हुआ।”
बता दें कि अब तक कई केंद्रीय मंत्री कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें गृह मंत्री अमित शाह, कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, आयुष मंत्री श्रीपद नायक, जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, संसदीय मामलों के राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शामिल हैं।