पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 32वीं पुण्यतिथि पर याद करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को उनके दिवंगत पिता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। राहुल ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि पापा आप हमेशा मेरे साथ हैं। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी।
सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी ने दी श्रद्धांजलि
राहुल गांधी ने राजीव गांधी के विभिन्न पलों का एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, “पापा, आप एक प्रेरणा के रूप में, यादों में, हमेशा मेरे साथ हैं।”
इससे पहले, राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा, मां सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ दिल्ली में वीर भूमि में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 32वीं पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
भारत के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री
गौरतलब है कि राजीव गांधी ने अपनी मां और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 1984 में कांग्रेस की कमान संभाली थी। वह 40 वर्ष की आयु में भारत के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने जब उन्होंने अक्टूबर 1984 में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने 2 दिसंबर 1989 तक भारत के प्रधान मंत्री के रूप में कार्य किया था। 20 अगस्त 1944 को जन्मे राजीव गांधी की 21 मई, 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी रैली के दौरान लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के आत्मघाती हमलावर ने हत्या कर दी थी।
श्रीपेरंबदूर जाएंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी अपने पिता को श्रद्धांजलि देने के लिए आज श्रीपेरंबदूर भी जाएंगे। श्रीपेरंबदूर में राजीव गांधी की याद में एक मेमोरियल बनाया गया है। पिछले साल भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत करने से पहले भी राहुल गांधी पिता के स्मारक पर गए थे। कांग्रेस हर साल 21 मई को राजीव गांधी के शहादत दिवस के रूप में मनाती है। देशभर में ब्लड डोनेशन कैंप और दूसरे इवेंट्स का आयोजन किया जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल के साथ कई दूसरे कांग्रेस नेता भी श्रीपेरंबदूर जा सकते हैं। वहां राहुल तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और कांग्रेस नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं।