Rahul Gandhi: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने 7 सितंबर को भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत से पहले श्रीपेरंबदुर में अपने पिता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी राजीव गांधी स्मारक पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा, ”मैंने अपने पिता को नफरत और बंटवारे की राजनीति में खोया है। मैं अपने प्यारे देश को भी इसमें नहीं खोऊंगा।”
उन्होंने कहा कि नफरत पर प्यार की जीत होगी। आशा डर को हराएगी। हम सब मिलकर इसे मात देंगे। माना जा रहा है कि कांग्रेस इस यात्रा के जरिए खुद को मजबूत करने की कवायद में हैं। वहीं भाजपा ने इस यात्रा को लेकर निशाना साधा है।
तमिलनाडु भाजपा प्रमुख अन्नामलाई ने तंज कसते हुए कहा है कि राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो’ नहीं ‘भारत छोड़ो’ यात्रा के लिए जाने जाते हैं। इस यात्रा के जरिए जब राहुल गांधी देशभर में जाएंगे तो उन्हें पता चलेगा कि बीते आठ सालों में पीएम मोदी ने देश में क्या विकास किया है और इसे देख उनकी आंखें खुल जाएंगी।
हिमाचल से जुड़ेंगे आनंद शर्मा:
कांग्रेस में जी23 के नेता आनंद शर्मा ने पार्टी के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की जानकारी ट्वीट से दी है। उन्होंने लिखा, “अपनी एकजुटता व्यक्त करते हुए और राहुल गांधी और सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देता हूं। भारत जोड़ो यात्रा भारत के समावेशी लोकतंत्र को बनाए रखने का एक मिशन है। इसका मकसद अन्याय, असमानता और असहिष्णुता के खिलाफ लोगों को लामबंद करना है। इस यात्रा में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं, जब यह यात्रा जम्मू-कश्मीर के रास्ते में मेरे गृह राज्य हिमाचल के पास पहुंचेगी।”
जयराम रमेश ने क्या कहा:
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक ट्वीट में लिखा, “7 सितंबर 2022। एक ऐसा दिन जब देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी अब तक की सबसे लंबी पदयात्रा शुरू करेगी। आज का दिन एक शांत चिंतन और नए सिरे से संकल्प का दिन है। भारतीय राजनीति में यह एक टर्निंग पॉइंट है। एक नई शुरुआत का प्रतीक है।”
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी जी ने कहा है कि ये यात्रा मेरे लिए तपस्या के समान है। ये 3,570 किमी की भारत जोड़ो यात्रा 12 राज्यों से होकर गुजरेगी, इसमें 118 कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल हैं।
राहुल गांधी की इस यात्रा की खास बातें:
राहुल गांधी के अलावा अलग-अलग राज्यों के 100 नेता इस यात्रा में हिस्सा लेंगे। उनके साथ इस यात्रा में शामिल लोग यात्रा के दौरान किसी होटल में नहीं रुकेंगे और ट्रकों पर बने कंटेनरों में रात बिताएंगे। इसके लिए कुल 60 ऐसे कंटेनरों की व्यवस्था की गई है। वहीं कुछ कंटेनरों में स्लीपिंग बेड, शौचालय और एसी भी लगे हैं।
वहीं सुरक्षा कारणों से राहुल गांधी एक कंटेनर में रहेंगे। यात्रा 150 दिन में 3570 किमी की होगी। इस दौरान पूरे समय के यात्री सड़क पर भोजन करेंगे। उन्हें कपड़े धोने की सेवाएं प्रदान की जाएंगी। बता दें कि यात्री प्रतिदिन 6 से 7 घंटे पैदल चलेंगे। यात्रा दो जत्थों में चलेगी। जहां एक बैच सुबह 7 बजे से 10.30 बजे तक चलेगा तो वहीं दूसरा बैच 3.30 बजे से शाम 6.30 बजे तक चलेगा। यात्रा में रोजाना करीब 22 से 23 किमी पैदल चलने की योजना है।
यात्रा में राजस्थान के कांग्रेस नेता विजेंद्र सिंह महलावत हैं सबसे अधिक उम्र(58) के हैं। वहीं सबसे कम उम्र(25) के सदस्य आजम जोम्बला और बेम बाई हैं। ये दोनों अरुणाचल प्रदेश से हैं। कन्हैया कुमार, पवन खेड़ा भी राहुल गांधी की यात्रा टीम का हिस्सा हैं। पार्टी का कहना है कि भारत जोड़ो यात्रा में लगभग 30 फीसदी महिलाएं हैं।
भारता जोड़ो यात्रा 20 प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी। जिसमें कन्याकुमारी, तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, नीलांबुर, मैसूर, बेल्लारी, रायचूर, विकाराबाद, नांदेड़, जलगांव जमोद, इंदौर, कोटा, दौसा, अलवर, बुलंदशहर, दिल्ली, अंबाला, पठानकोट, जम्मू, श्रीनगर शामिल है।