Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने को लेकर बड़ी बात कही है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इस आम चुनाव में इंडिया गठबंधन अगर भारतीय जनता पार्टी को हरा देती है तो नरेंद्र मोदी के बाद देश के प्रधानमंत्री राहुल गांधी बनेंगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह भी कहा कि उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने पर जोर दिया था, जबकि प्रियंका ने खुद चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। यही वजह रही कि रायबरेली से राहुल गांधी को चुनाव लड़ना पड़ा और प्रियंका गांधी ने अपने भाई के चुनाव प्रबंधन की कमान संभाली। खड़गे ने यह बातें NDTV को दिए एक इंटरव्यू के दौरान कहीं।

बता दें, रायबरेली कांग्रेस और गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है। यहां से सोनिया गांधी लगातार पांच बार जीती हैं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने इस बार चुनाव लड़ने से मना कर दिया था और राजस्थान से राज्यसभा पहुंची हैं।

खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव से पहले दो ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का नेतृत्व किया था। साथ ही चुनाव के दौरान बड़े स्तन पर प्रचार किया था। उन्होंने अक्सर अपने सहयोगियों के साथ मंच साझा किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीधे हमले किए। ऐसे में वो शीर्ष पद के लिए लोकप्रिय विकल्प हैं।

कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी मेरी पसंद हैं… वह युवाओं तथा पूरे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं।” हालांकि, पिछले महीने उन्होंने जोर देकर कहा था, “इंडिया ब्लॉक ने निर्णय लिया है कि हम एक साथ लड़ रहे हैं। जीतने के बाद गठबंधन संयुक्त रूप से निर्णय लेगा कि प्रधानमंत्री कौन होगा।”

पिछले साल नवंबर में उन्होंने कहा था कि वे उम्मीदवार का नाम नहीं बताना चाहेंगे क्योंकि इससे “इंडिया ब्लॉक की एकता टूट सकती है।” अनुभवी राजनेता ने कहा कि पहले हमारी प्राथमिकता है कि एकजुट होकर चुनाव लड़ा जाए।

पिछले वर्ष जून में गठित इस गुट को अपने सदस्यों के साथ परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके संस्थापक सदस्य बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी भूमिका को लेकर कथित अपमान के बाद एनडीए का हिस्सा हो गए थे।

नीतीश कुमार को खुद प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवार बनने की कोशिश करते हुए देखा गया था, और पिछले साल पटना के कई हिस्सों में पोस्टर भी लगे थे, जिनमें इस बात को दर्शाया गया था।