महाराष्ट्र चुनाव से पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लेकर फिर चर्चा शुरू हो गई है। इस बार चर्चा का विषय संविधान की लाल किताब है। इसे राहुल गांधी इन दिनों अपनी सभाओं और रैलियों में बांट रहे हैं। बीजेपी ने कांग्रेस पर संविधान का मजाक बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इसे नोटपैड की तरह इस्तेमाल कर रही है।
दरअसल, नागपुर के सुरेश भट सभागार में कांग्रेस ने बुधवार को संविधान सम्मेलन का आयोजन किया। इसमें राहुल गांधी मुख्य अतिथि की तरह मौजूद थे। इस मौके पर उन्होंने संविधान की लाल रंग की किताब लोगों को बांटी थी, जिसके कवर पर “Constitution of India” लिखा था, लेकिन अंदर के पेज कोरे थे।
बीजेपी बोली- कांग्रेस ने किया संविधान का अपमान
बीजेपी ने इसे कांग्रेस के खिलाफ हथियार बनाते हुए आरोप लगाया कि संविधान का इस तरह का उपयोग संविधान का अपमान है। उन्होंने एक वीडियो वायरल कर कांग्रेस पर तंज कसा कि संविधान की केवल शुरुआत का जिक्र करके बाकी पन्नों को खाली छोड़ना अस्वीकार्य है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नजदीक इस मामले ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। वहीं बीजेपी इसे मुद्दा बनाकर कांग्रेस पर हमलावर हो रही है।
रैली के दौरान राहुल गांधी ने स्वतंत्रता सेनानी लीला ताई से मुलाकात की और उन्हें संविधान की रक्षा का भरोसा दिलाया। राहुल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि लीला ताई ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अपनी छोटी उम्र में ही जेल की यातनाएं झेलीं थीं, जिससे लोकतंत्र और संविधान की अहमियत वे भली-भांति समझती हैं। राहुल ने ‘संविधान सम्मान सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस हर हाल में संविधान का सम्मान करेगी और उसकी रक्षा करेगी।
इस बीच संविधान की लाल रंग की प्रति को लेकर बीजेपी ने सवाल उठाए। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी लाल कवर वाली संविधान की प्रति दिखाकर क्या संदेश देना चाहते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह कदम अराजकतावादियों को समर्थन देने जैसा है। इस पर कांग्रेस नेता नाना पटोले ने फडणवीस के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि हिंदू धर्म में लाल रंग शुभ माना जाता है, और बीजेपी का इस पर आपत्ति जताना दिखाता है कि वे घबराहट में हैं।
कांग्रेस ने बीजेपी पर संविधान को लेकर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि बीजेपी का संविधान की प्रति के रंग पर आपत्ति जताना असंवेदनशीलता दर्शाता है। पटोले ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि संविधान की रक्षा करने का अधिकार कांग्रेस को है, जबकि बीजेपी इस पर सवाल उठा रही है। कांग्रेस ने साफ किया कि वे संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं, चाहे वह किसी भी रंग में हो।