उत्तर प्रदेश के रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह जल्द विवाह के पवित्र बंधन में बंधने जा रही हैं। उनका विवाह पंजाब में कांग्रेस के ही विधायक अंगद सैनी से तय हो गया है। हिंदी न्यूज चैनल आजतक से बातचीत में कांग्रेस विधायक ने खुद इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि विवाह 21 नवंबर को दिल्ली में होगा और 23 नंवबर को रिसेप्शन होगा।
सिंह के मुताबिक उनके पिता और दिग्गज कांग्रेस नेता अखिलेश कुमार सिंह ने उनका विवाह तय किया था। 15 सितंबर, 2019 को अखिलेश कुमार सिंह का निधन हो गया। एक सवाल के जवाब में अदिति सिंह ने बताया कि वो अपने पिता द्वारा तय किए विवाह से बहुत खुश हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस विधायक अदिति सिंह साल 2017 में यूपी की राजनीति में सक्रिय हुईं, उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ अपने निकटतम प्रतिद्विंदी को 90,000 से ज्यादा मतों से हराया। वह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की भी काफी करीबी बताई जाती हैं।
सिंह तब खासी सुर्खियों में छा गईं जब राहुल गांधी और उनके विवाह के चर्चे सोशल मीडिया में होने लगे। इससे सिंह खासी नाराज हुईं और सोशल मीडिया यूजर्स पर सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि राहुल गांधी उनके लिए एक बड़े भाई की तरह हैं और उन्हें वो राखी बांधती हैं।
बता दें कि अदिति सिंह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की करीबी मानी जाती हैं। कांग्रेस नेता से करीबी के चलते ही उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली थी। हालांकि पिछले दिनों विकास के मुद्दे पर बुलाए गए विशेष सत्र में उन्होंने पार्टी की तय दिशा से हट कर शिरकत की थी। इसे लेकर कांग्रेस विधान मंडल दल की ओर से उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था।
अदिति सिंह द्वारा नोटिस का जवाब ना देने से उनके और पार्टी के बीच दूरियां बढ़ गई हैं। इसे लेकर कांग्रेस ने अदिति सिंह के उनके आवास पर विरोध प्रदर्शन भी किया था।