दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर शनिवार को पंजाब की महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप था कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने वादा किया था कि पंजाब में उनकी सरकार बनी तो हर महीने 1000 रुपये दिए जाएंगे लेकिन इस वादे को पूरा नहीं किया गया। पंजाब में 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने प्रचंड जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी।
याद दिलाना होगा कि अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि अगर दिल्ली में फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो दिल्ली की महिलाओं को 2100 रुपये दिए जाएंगे। इस योजना को मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना का नाम दिया गया है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि वे अमृतसर से आई हैं और केजरीवाल को दिल्ली की महिलाओं के साथ वैसा धोखा नहीं करना चाहिए जैसा उन्होंने पंजाब की महिलाओं के साथ किया है। महिलाओं का कहना था कि दिल्ली की महिलाओं से 2100 रुपये देने का वादा नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने झूठ बोलकर अपनी सरकार बनाई है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस प्रदर्शन को लेकर केजरीवाल ने कहा कि यह पंजाब की महिलाएं नहीं हैं बल्कि बीजेपी की महिलाएं हैं।
बीजेपी बोली- लोगों को झांसा दे रही AAP सरकार
बीजेपी का कहना है कि जिस तरह पंजाब में आम आदमी पार्टी ने वादा करने के बाद भी महिलाओं को पैसे नहीं दिए, उसी तरह दिल्ली में भी अगर आप की सरकार फिर से बनी तो महिलाओं को कोई पैसा नहीं मिलेगा और इस तरह की योजना केवल लोगों को झांसा देने के लिए लाई जा रही है।
दिग्गजों को मौका, बागियों पर भी दांव… बीजेपी की पहली लिस्ट से मिले बड़े संकेत
याद दिलाना होगा कि अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना को लेकर पहले से ही मुश्किल में हैं। क्योंकि दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने अखबारों में विज्ञापन जारी कर बताया था कि इस तरह की कोई भी योजना सरकार की ओर से नोटिफाई नहीं की गई है और दिल्ली के लोग झांसे में ना आएं। अखबारों में विज्ञापन आने के बाद दिल्ली बीजेपी की ओर से कहा गया था कि बिना नोटिफिकेशन के योजनाओं का ऐलान कर दिल्ली की आप सरकार और केजरीवाल महिलाओं को गुमराह कर रहे हैं।
स्वाति मालीवाल दिल्ली चुनाव में BJP की कितनी मदद कर पाएंगी? क्लिक कर पढ़िए खबर।