पंजाब कांग्रेस के भीतर कलह मंगलवार को उस समय खुलकर सामने आई जब 31 विधायक और आधा दर्जन पूर्व विधायक कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा के घर पर इकट्ठा हुए और आलाकमान से अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाने का आग्रह करने का फैसला किया। पार्टी के नेताओं का कहना है, “अमरिंदर सिंह से विश्वास उठ गया है”।

पंजाब कांग्रेस का विवाद कम होता नजर नहीं आ रहा है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कुर्सी अभी भी खतरे में दिख रही है। बाजवा के घर आज अहम बैठक हुई है। खबरों के अनुसार 5-7 मंत्री अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। पार्टी आलाकमान के प्रयासों के बाद भी दोनों ही गुटों में अबतक सुलह नहीं हो पाया है।

बताते चलें कि गन्ने की कीमतों पर पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के साथ किसानों की बैठक से पहले कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को कहा कि गन्ना किसानों की मांगों के अनुरूप गन्ने की कीमतें तत्काल बढ़ाई जानी चाहिए। सिद्धू ने यह भी कहा कि गन्ने का राज्य समर्थन मूल्य (एसएपी) वर्ष 2018 से नहीं बढ़ाया गया है जबकि इसका लागत मूल्य 30 प्रतिशत तक बढ़ गया है।

सिद्धू ने ट्वीट किया,‘‘गन्ना किसानों के लिए एसएपी 2018 के बाद से नहीं बढ़ा है, जबकि लागत मूल्य में 30 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। पंजाब मॉडल का मतलब है किसानों और चीनी मिलों दोनों को उचित मूल्य, मुनाफे में समान हिस्सेदारी, उत्पादन और प्रसंस्करण में विविधता देने के लिए नीतिगत हस्तक्षेप हो।’’

बताते चलें कि इससे पहले सिद्धू के सलाहकार को कैप्टन ने समझाया था। कहा था की राष्ट्रीय मुद्दों और कश्मीर जैसे विषयों पर बयान न दें। मनीष तिवारी की तरफ से भी तीखे बयान दिए गए थे।

Live Updates
20:52 (IST) 24 Aug 2021
कई विधायक पार्टी द्वारा किए गए वादों को लेकर चिंतित: पंजाब के कैबिनेट मंत्री

पंजाब के कैबिनेट मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि कई विधायक 2017 के विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस द्वारा किए गए उन वादों को लेकर चिंतित हैं जिन्हें अभी तक पूरा नहीं किया गया है। चन्नी ने कहा, ‘‘हमारे मुद्दे हल नहीं हो रहे हैं। हमें अब विश्वास नहीं है कि इन मुद्दों का समाधान किया जायेगा।’’

19:39 (IST) 24 Aug 2021
पंजाब के चार मंत्री, पीपीसीसी महासचिव कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात करेंगे

पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति (पीपीसीसी) महासचिव और राज्य के चार मंत्रियों ने 2017 के चुनावों के दौरान किए गए वादों में से कुछ के पूरा नहीं होने के मुद्दों को लेकर कांग्रेस आलाकमान से मिलने का फैसला किया है। इन नेताओं का कहना है कि इन मुद्दों को ‘‘मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में हल नहीं किया जा रहा है।’’

17:57 (IST) 24 Aug 2021
पंजाब : पांच नेताओं का प्रतिनिधिमंडल सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली रवाना

पंजाब : पांच नेताओं का प्रतिनिधिमंडल, जिसमें चार मंत्री -तृप्त बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, चरणजीत चन्नी और विधायक परगट सिंह शामिल हैं, आज कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली रवाना होगा।

17:11 (IST) 24 Aug 2021
कश्मीर को भारत से अलग करने की बात करने वाले देशद्रोही हैं: पंजाब के मंत्री

कश्मीर पर नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार मलविंदर सिंह माली की टिप्पणी पर पंजाब के मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने कहा, 'किसी को भी ऐसा कुछ नहीं कहना चाहिए जिससे देश की एकता और अखंडता को ठेस पहुंचे। कश्मीर को भारत से अलग करने की बात करने वाले देशद्रोही हैं।'

16:16 (IST) 24 Aug 2021
पंजाब के मंत्री तृप्त बाजवा ने कहा, 'सीएम बदला जाए नहीं तो कांग्रेस नहीं बचेगी'

चंडीगढ़ में पंजाब के मंत्री तृप्त बाजवा ने कहा, 'मेरी राय है कि सीएम को बदला जाना चाहिए नहीं तो कांग्रेस नहीं बचेगी। हम इस मामले पर बोलने के लिए सोनिया गांधी से मिलने आज दिल्ली जा रहे हैं।'

15:34 (IST) 24 Aug 2021
पंजाब में पांच-सात मंत्री दे सकते हैं इस्तीफा

पंजाब में जारी विवाद को लेकर कांग्रेस पार्टी में हलचल तेज है। खबरों के अनुसार लगभग 2 दर्जन विधायक राज्य के मुख्यमंत्री के खिलाफ हो गए हैं। राज्य सरकार के पांच मंत्री भी पद छोड़ने की तैयारी में हैं। सबकी निगाहें अब दिल्ली में सोनिया गांधी के साथ होने वाली बैठक पर है।

15:13 (IST) 24 Aug 2021
नवजोत सिद्धू के अलावा भी कैप्टन के हैं कई विरोधी

पंजाब के राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंजाब कांग्रेस में कैप्टन के कई विरोधी हैं। नवजोत सिद्धू के अलावा भी कई ऐसे नेता उनके कैबिनेट में ही हैं जो उन्हें पद से हटाना चाहते हैं। पहले भी कई बार ये कैप्टन का विरोध कर चुका है।

14:29 (IST) 24 Aug 2021
बाजवा के घर हुई बैठक, 20 विधायक थे मौजूद

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस में विवाद जारी है। मंगलवार को बाजवा के घर लगभग 20 विधायकों ने बैठक कर कैप्टन के खिलाफ विद्रोह कर दिया! राज्य कैबिनेट के कई मंत्री भी नाराज बताए जा रहे हैं।

14:24 (IST) 24 Aug 2021
पंजाब: कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ बगावत?

पंजाब कांग्रेस का विवाद कम होता नजर नहीं आ रहा है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कुर्सी अभी भी खतरे में दिख रही है। कैप्टन सरकार के कुछ मंत्री दिल्ली आकर सोनिया गांधी से मुलाकात करने वाले हैं। प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के करीबी माने जाने वाले परगट सिंह भी दिल्ली आने वाले हैं।

14:21 (IST) 24 Aug 2021
किसानों की मांगों के अनुरूप एसएपी को तत्काल बढ़ाया जाना चाहिए :नवजोत सिंह सिद्धू

क्रिकेटर से नेता बने सिद्धू ने ट्वीट कर कहा ‘‘किसानों की मांगों के अनुरूप एसएपी को तत्काल बढ़ाया जाना चाहिए और बकाए का भुगतान किया जाना चाहिए। किसानों और चीनी मिलों दोनों के मुनाफे को बढ़ाने के लिए उच्च उत्पादकता और उच्च मूल्य के उपोत्पादों (बाइप्रोडक्ट) जैसे एथेनॉल, जैव ईंधन और बिजली आदि के लिए चीनी मिलों का आधुनिकीकरण किया जाना चाहिए।’’