आम आदमी पार्टी ने पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पर चंडीगढ़ में पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस को रोकने का आरोप लगाया था। अब सीएम अमरिंदर सिंह ने केजरीवाल और उनकी पार्टी को जवाब दिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री ने अपने राज्य के सबसे बड़े विपक्षी दल पर “नाटक” करने का आरोप लगाते हुए कहा, “अगर वह (केजरीवाल) चाहते हैं, तो मैं उनके लिए लंच भी भेज सकता हूं।” AAP ने कहा कि अरविंद केजरीवाल मंगलवार दोपहर 1 बजे चंडीगढ़ के पंजाब भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।
इससे पहले आज, AAP की पंजाब इकाई के प्रमुख राघव चड्ढा ने एक ट्वीट में कहा कि अमरिंदर सिंह का “केजरीवाल का डर” एक ऐसे बिंदु पर पहुंच गया है जहां “उनके कार्यालय ने हमें पूर्व-निर्धारित स्थल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है”। फिर भी, अरविंद केजरीवाल कल चंडीगढ़ में एक बड़ी घोषणा करेंगे ” जो कैप्टन और उनकी पार्टी को 440 वोल्ट का झटका देगी।” अमरिंदर सिंह ने जवाब देते हुए कहा, ” हमने कुछ दिन पहले अरविंद केजरीवाल को यहां एक रैली को संबोधित करने दिया था, तो अब हम उन्हें प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से क्यों रोकेंगे? अगर वह चाहते हैं तो मुझे उनके दोपहर के भोजन की व्यवस्था करने में भी खुशी होगी। आम आदमी पार्टी सिर्फ नाटक करना चाहती है।”
बता दें कि पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को वादा किया कि अगर उनकी आम आदमी पार्टी (आप) चुनाव जीतती है, तो उस राज्य में मुफ्त बिजली दी जायेगी।
अपने चंडीगढ़ दौरे से एक दिन पहले आप नेता ने यह भी दावा किया कि पंजाब में महिलाएं महंगाई से बहुत नाराज हैं। केजरीवाल ने पंजाबी भाषा में किये गए एक ट्वीट में कहा, ‘‘दिल्ली में हम हर परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली मुहैया कराते हैं। महिलाएं बहुत खुश हैं। पंजाब की महिलाएं भी महंगाई से काफी नाराज हैं। आप सरकार पंजाब में भी मुफ्त बिजली देगी। कल मिलते हैं चंडीगढ़ में।’’ मालूम हो कि पंजाब में अगले साल फरवरी या मार्च में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
2017 के राज्य चुनाव में, भगवंत मान के नेतृत्व में AAP ने पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 20 पर जीत हासिल की थी, जिससे पार्टी राज्य का मुख्य विपक्षी दल बन गयी थी। अकाली दल-भाजपा गठबंधन 15 सीटों पर सिमट गया था। कांग्रेस 77 सीटें जीतीं थीं।