लोकसभा चुनाव नजदीक है। बीजेपी ने 195 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पीएम नरेंद्र मोदी वाराणसी से तीसरी बार मैदान में होंगे। फिलहाल कांग्रेस ने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रियंका गांधी रायबरेली से नहीं बल्कि दमन दीव लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने इस बात को लेकर किसी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। दमन दीव से मौजूदा सांसद लालूभाई पटेल एक बार फिर बीजेपी की ओर से मैदान में हैं।
क्या है चर्चा?
कांग्रेस दमन और दीव के अध्यक्ष केतन पटेल ने रविवार अपने बयान के जरिए यह संकेत दिए हैं कि कांग्रेस दमन दीव से चुनाव लड़ सकती हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने पटेल के हवाले से कहा, “प्रियंका गांधी दमन और दीव से संभावित उम्मीदवार हो सकती हैं। मैं इस प्रस्ताव का स्वागत करता हूं।”
इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की है, जिसमें वाराणसी निर्वाचन क्षेत्र से पीएम मोदी भी शामिल हैं।
बीजेपी द्वारा वाराणसी से पीएम मोदी की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद यूपी कांग्रेस प्रमुख अजय राय ने कहा कि वाराणसी कांग्रेस की पारंपरिक सीट है और इस बार कांग्रेस यहां से मजबूत है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, स्मृति ईरानी और राजीव चंद्रशेखर भी लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरे हैं। फिलहाल कांग्रेस ने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। ऐसा माना जा रहा है कि अगर प्रियंका गांधी दमन दीव से चुनाव लड़ती है तो यह पूरे दक्षिण गुजरात पर असर डालने वाला फैसला होगा। अभी कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।