Priyanka Gandhi on VB-G RAM G Yojana: केंद्र की एनडीए सरकार ने मनरेगा योजना के नाम को ‘वीबी जी राम जी योजना’ करने का प्लान बनाया है। इसके लिए आज केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश कर दिया है। इसको लेकर सियासत गर्म हो गई है। इस विधेयक के खिलाफ कड़ा विरोध जताते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह विधेयक कानून को कमजोर करता है और इसे वापस लिया जाना चाहिए।

केरल की वायनाड सीट से सांसद और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि किसी की “मनमानी, महत्वाकांक्षा और पूर्वाग्रह” के आधार पर कोई कानून पारित नहीं किया जाना चाहिए। इस विधेयक के विरोध में कांग्रेस के सांसदों ने संसद परिसर में महात्मा गांधी की तस्वीर लहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिनके नाम पर एमजीएनआरईजीए का नाम रखा गया है।

आज की बड़ी खबरें

प्रियंका गांधी ने खोला मोर्चा

प्रियंका गांधी ने लोकसभा में इस बिल का विरोध करते हुए कहा कि मैं इसका कड़ा विरोध दर्ज करती हूं। एमजीएनआरईजीए पिछले 20 वर्षों से ग्रामीण भारत को आजीविका प्रदान करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सफल रहा है। यह इतना क्रांतिकारी कानून है कि जब इसे लाया गया था, तब संसद में सभी राजनीतिक दलों ने इसका समर्थन किया था। यह देश के सबसे गरीब लोगों को साल में 100 दिन का रोजगार प्रदान करता है।

यह भी पढ़ें: जब मनरेगा के नियमों पर भिड़े थे मनमोहन सरकार के मंत्री, अब बदलाव को लेकर NDA पर आरोप लगा रही कांग्रेस

महात्मा गांधी का नाम हटाना अनैतिक

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने हर योजना का नाम बदलने की होड़ पर सवाल उठाया। उन्होंने जिक्र किया कि कैसे ऐसे कदम उठाने पर केंद्र सरकार को खर्च उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बिना चर्चा और सदन की सलाह लिए जल्दबाजी में विधेयक पारित नहीं किया जाना चाहिए। इस विधेयक को वापस लिया जाना चाहिए और सरकार को एक नया विधेयक लाना चाहिए।

यह भी पढ़ें: संपादकीय: केंद्र सरकार ने मनरेगा को बनाया ‘पूज्य बापू ग्रामीण रोजगार योजना’, काम करने के दिनों में होगी बढ़ोतरी

पारिवारिक आरोपों पर प्रियंका ने जवाब दिया कि महात्मा गांधी मेरे परिवार से नहीं हैं लेकिन वे मेरे परिवार के सदस्य की तरह हैं और पूरा देश ऐसा ही महसूस करता है। प्रियंका गांधी के अलावा अन्य कई विपक्षी नेताओं ने नए विधेयक के प्रावधानों पर आपत्ति जताई है। उनकी पार्टी के सहयोगी शशि थरूर ने भी विधेयक का विरोध करते हुए कहा कि महात्मा गांधी का नाम हटाना “अनैतिक” है।

शिवराज सिंह चौहान ने पेश किया था बिल

बता दें कि आज लोकसभा में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) विधेयक, 2025 पेश किया। इसे जी राम जी विधेयक के नाम से भी जाना जाता है। इस विधेयक का उद्देश्य महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (एमजीएनआरईजीए) में संशोधन करना है।

यह भी पढ़ें: मनरेगा की योजनाओं में करोड़ों का खेल! मंत्रालय की जांच रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, दर्ज हुए कई केस