Pulwama Attack के बाद से आरोप प्रत्यारोप की राजनीति शुरु हो गई है। कांग्रेस ने एक तरफ जहां इस शुरू मोर्चे पर सरकार की विफलता बताया है तो वहीं बीजेपी प्रमुख अमित शाह ने कश्मीर समस्या का जनक ही पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को बताया है। आंध्र प्रदेश के राजा मंदुरी दौरे पर गए अमित शाह ने संबोधन के दौरान कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला।

केंद्र की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क साधने पहुंचे थे। यहां पहुंच अमित शाह ने तेलुगु देशम पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। पुलवामा में आतंकी हमले का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि जिस कश्मीर के कारण पाकिस्तान ये सब आतंकवादी घटना करवा रहा है। उस कश्मीर समस्या के जनक पंडित जवाहर लाल नेहरू है। उनके कारण कश्मरी फंसा हुआ है। अगर सरदार पटेल देश के पहले प्रधानमंत्री होते तो कश्मीर की समस्या ही नहीं होती।

अमित शाह ने कांग्रेस के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि जिस देश के पीएम 24 घंटे में से 18 घंटे काम करते हैं। उसकी देश की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को लेकर आरोप लगाने से जनता पर कोई असर नहीं होने वाला है।अमित शाह ने इस दौरान कांग्रेस के उस आरोप की भी सफाई दी जिसमें कांग्रेस ने कहा था कि देश में आतंकी हमला जिस दिन हुआ था उस दिन पीएम मोदी शाम तक एक फिल्म के लिए शूटिंग करा रहे थे। इस आरोप पर अमित शाह ने कहा कि जिस दिन घटना हुई उस दिन प्रधानमंत्री जी किसी कार्यक्रम में थे। आपको जितना आरोप लगाना है लगाओ।

शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन में आए अमित शाह ने सीएम चंद्र बाबू नायडू  पर निशाना साधते हुए कहा कि आप पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान पर भरोसा करते हैं लेकिन अपने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा नहीं करते हैं। आप इमरान खान का समर्थन कर रहे हैं। अपने राजनीति हितों के लिए आपको इतना नहीं गिरना चाहिए। चंद्रबाबू नायडू का धोखाधड़ी का इतिहास रहा है। पहले महान एनटीआर को धोखा दिया।उसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को धोखा दिया और फिर मोदी जी को धोखा दिया।