प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC) के अध्यक्ष और इकोनॉमिस्ट बिबेक देबरॉय का निधन हो गया। बिबेक देबरॉय की उम्र 69 वर्ष थी। दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था। भारत सरकार की ओर से बिबेक देबरॉय को पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें आंतों में दिक्कत थी, जिसकी वजह से उनका निधन हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने जताया दुख

पीएम मोदी ने X पर लिखा, “डॉ. बिबेक देबरॉय जी एक महान विद्वान थे, जो अर्थशास्त्र, इतिहास, संस्कृति, राजनीति, आध्यात्मिकता और अन्य विविध क्षेत्रों में पारंगत थे। अपने कार्यों से उन्होंने भारत के बौद्धिक परिदृश्य पर एक अमिट छाप छोड़ी। सार्वजनिक नीति में अपने योगदान के अलावा, उन्हें हमारे प्राचीन ग्रंथों पर काम करने और उन्हें युवाओं के लिए सुलभ बनाने में योगदान दिया। मैं डॉ. देबरॉय को कई वर्षों से जानता हूं। मैं उनकी अंतर्दृष्टि और जुनून को प्रेमपूर्वक याद रखूंगा। उनके निधन से दुखी हूं। उसके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं। ॐ शांति।”

अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि देबरॉय को गुरुवार रात करीब 10 बजे एम्स की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया और शुक्रवार सुबह 7 बजे उनकी मौत हो गई। सूत्रों ने आगे बताया कि उन्हें सुगर, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय में ब्लॉकेज की पुरानी बीमारी थी। देबरॉय सितंबर 2017 से ईएसी के अध्यक्ष थे। उन्हें 2015 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। देबरॉय ने रामकृष्ण मिशन स्कूल (नरेंद्रपुर) और प्रेसीडेंसी कॉलेज (कोलकाता) में पढ़ाई की। इसके बाद वह दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और ट्रिनिटी कॉलेज (कैम्ब्रिज) में पढ़ाई की।

शिंदे की मंत्री की संपत्ति में 772 फीसदी का इजाफा, CM की 66 फीसदी, फडणवीस की 56 फीसदी… जानें कितनी बढ़ी महाराष्ट्र में मंत्रियों की संपत्ति

देबरॉय 2015 में नीति आयोग के गठन से लेकर जून 2019 तक इसके पूर्णकालिक सदस्य भी थे। देबरॉय ने कई किताबें लिखी और संपादित कीं, जिनमें पुराणों, चार वेदों और 11 प्रमुख उपनिषदों के अनुवाद, पत्र और लोकप्रिय लेख शामिल हैं। वह द इंडियन एक्सप्रेस के कॉलमिस्ट भी थे।

गरीबों के नए पैमाने की जरूरत पर दिया था जोर

बता दें कि बिबेक देबरॉय ने गरीबों के नए पैमाने की जरूरत पर भी जोर दिया था। उन्होंने कहा था कि तेंदुलकर समिति ने जो गरीबों का पैमाना दिया है, वह 10 साल से अधिक पुराना हो चुका है। बिबेक देबरॉय की मौत पर कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी दुख व्यक्त किया है।