Bird Flu से महाराष्ट्र में 800 मुर्गियों की मौत हुई है। सोमवार को इसकी पुष्टि होने के बाद सूबा बर्ड फ्लू से प्रभावित देश का आठवां राज्य बन गया, जबकि राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में भी इसके केस पाए जाने के बाद यह फ्लू देश के कुल नौ बड़े हिस्सों (आठ सूबे और एक केंद्र शासित प्रदेश) तक पहुंच गया है। दिल्ली के पशुपालन विभाग ने बताया कि राजधानी में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। भोपाल प्रयोगशाला भेजे गए सभी आठ नमूनों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

भोपाल प्रयोगशाला भेजे गए सभी आठ नमूनों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद दिल्ली में ‘बर्ड फ्लू’ की पुष्टि हो गई है। विकास विभाग के तहत पशुपालन विभाग के डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि मयूर विहार फेस-3 के पार्क से चार, संजय झील से तीन और द्वारका से भेजे एक नमूने में ‘एवियन इन्फ्लूएंजा’ संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि नमूनों की रिपोर्ट सोमवार सुबह आई। अधिकारियों ने पहले बताया था कि मयूर फेस-3 के सेंट्रल पार्क में पिछले तीन से चार दिनों में करीब 50 कौवे मृत मिले हैं। दिल्ली की संजय झील को रविवार को 17 और बत्तखों के मृत पाए जाने के बाद ”अलर्ट जोन” घोषित कर दिया गया।

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने इस मशहूर जलाशय तथा पार्क को 10 बत्तखों के मृत पाए जाने के बाद शनिवार को बंद कर दिया था। सिंह ने बताया कि कुछ नमूने जालंधर भी भेजे गए हैं और उनकी रिपोर्ट का इंतजार है।

महाराष्ट्र के परभणी जिले के कलेक्टर ने बताया कि मुरम्बा गाँव के एक किलोमीटर के दायरे में मुर्गी फार्मों में सभी पक्षियों को मारने के आदेश दिए गए हैं। 10 किलोमीटर के दायरे में बिक्री और खरीद पर पाबंदी लगाई । गांव के सभी लोगों का वायरस के लिए परीक्षण किया जा रहा है और एक मेडिकल टीम मौजूद भी है। तीन दिन पहले मुरुम्बा गांव में 800 मुर्गियों की बर्ड फ्लू के कारण मौत हो गई थी। जिला प्रशासन ने मृत मुर्गियों के खून के नमूने राष्ट्रीय प्रयोगशाला में भेजे थे। रिपोर्ट में पाया गया कि मुर्गियों की मौत बर्ड फ्लू से हुई है।

परभणी के जिले अधिकारी ने बताया कि बीते दिनों में मराठवाड़ा इलाके के मुरुम्बा गांव में करीब 800 मुर्गियां मरी हैं।उन्होंने बताया कि जिस पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों की मौत हुई है उसे स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) चलाता है।

दीपक मुलगीकर ने बताया, ‘‘इस पोल्ट्री फार्म में करीब आठ हजार मुर्गियां हैं। जिनमें से 800 मुर्गियों की मौत दो दिनों में हुई है।’’

केरल, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली – में बर्डफ्लू के मामलों की पुष्टि हुई है। हालाँकि केंद्र सरकार ने बर्ड फ्लू को ध्यान में रखते हुए सभी राज्य सरकारों को अलर्ट जारी कर दिया है।