उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय (Varanasi Sampurnanand Sanskrit Vishwavidyalaya) में हुए छात्र संघ चुनाव के नतीजे आ गए हैं। जिसमें कांग्रेस समर्थित नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने जीत हासिल की है। दो साल तक अध्यक्ष पद पर रहने वाले एबीवीपी (ABVP) को तगड़ा झटका लगा है और उसे इस बार के चुनाव में एक भी पद नहीं मिला है। सभी पदों पर एनएसयूआई ने जीत दर्ज की है। इस बड़ी जीत पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने खुद ट्वीट कर बधाई दी है।
NSUI को मिली बड़ी जीत: खबरों के मुताबिक, बुधवार को आए नतीजों में अध्यक्ष पद पर शिवम शुक्ला, उपाध्यक्ष पद पर चंदन कुमार मिश्र, महामंत्री पद पर अवनीश मिश्र और पुस्तकालय मंत्री पद पर भी NSUI के रजनीकांत दुबे ने जीत हासिल की है। इससे पहले साल 2016 में भी इन सभी पदों पर NSUI को जीत हासिल की थी।
जीत के बाद प्रियंका गांधी का ट्वीट: कांग्रेस नेता एनएसयूआई की इस जीत पर ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने लिखा- “संपूर्णानंद संस्कृत विवि के छात्रसंघ चुनावों में NSUI की चारों पदों पर विजय से मैं बहुत खुश हूं। मुझे अपने छात्र साथियों पर गर्व है।”
पीएम के संसदीय क्षेत्र जाएंगी प्रियंका: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी शुक्रवार (10 जनवरी) को पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगी। जहां वह बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के छात्रों समेत सिविल सोसाइटी और आम लोगों से मुलाकात करेंगी। बता दें कि 2019 में हुए छात्रसंघ चुनाव में ABVP को सभी चार सीटों पर जीत मिली थी। लेकिन इस बार के चुनाव में उसे चार की चारों सीटो से हाथ धोना पड़ा है।