बीजेपी ने अपने नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। बीजेपी के अगले राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन होंगे। वहीं पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने पहला बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि वह पार्टी के आभारी हैं और उसके हित के लिए हमेशा काम करेंगे। माना जा रहा है नितिन नबीन बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष भी होंगे। कुछ ऐसा ही जेपी नड्डा के समय हुआ था। पहले उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और उसके बाद उन्हें ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया।

नितिन नबीन का पहला रिएक्शन

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त होने पर नितिन नबीन ने कहा, “यह पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा है। मेरा मानना ​​है कि जब आप एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम करते हैं, तो पार्टी के वरिष्ठ नेता हमेशा इस बात पर ध्यान देते हैं और मैं उनके साथ काम करना जारी रखूंगा।”

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिन्हें संगठनात्मक अनुभव का भरपूर लाभ है और बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। उन्होंने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अथक परिश्रम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।”

इस मशहूर तेल ब्रांड के मालिक हैं पंकज चौधरी, कितनी है यूपी बीजेपी अध्यक्ष की नेट वर्थ?

नितिन नबीन को बधाई देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने X पर लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं भाजपा संसदीय बोर्ड के वरिष्ठ नेताओं द्वारा श्री नितिन नबीन जी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव हो, या बिहार में प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष या छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी, उन्होंने संगठन के हर दायित्व को पूरी निष्ठा और सफलता से निभाया है। बिहार में 5 बार विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में उनके पास जनता के बीच लम्बे समय से कार्य करने का अनुभव है। आज उनका राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना दिन-रात परिश्रम करने वाले हर युवा भाजपा कार्यकर्ता का सम्मान है। मैं उनके नवीन दायित्व और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ देता हूँ।” पढ़ें कौन हैं नितिन नबीन