Defence Minister Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी महाराज राष्ट्रीय नायक हैं, न कि मुगल सम्राट औरंगजेब। शुक्रवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में मेवाड़ शासक की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद एक समारोह में बोलते हुए सिंह ने यह भी कहा कि जो लोग औरंगजेब या बाबर का महिमामंडन करते हैं, वे देश के मुसलमानों का अपमान करते हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप साहस और देशभक्ति के प्रतीक थे। छत्रपति शिवाजी महाराज ने विशेष रूप से गुरिल्ला युद्ध रणनीति के लिए महाराणा प्रताप से प्रेरणा ली थी।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने दावा किया कि स्वतंत्रता के बाद वामपंथी विचारधारा वाले इतिहासकारों ने राणा प्रताप और शिवाजी महाराज को उचित श्रेय नहीं दिया, बल्कि औरंगजेब की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जो लोग यह मानते हैं कि औरंगजेब एक नायक था, उन्हें पंडित जवाहरलाल नेहरू को पढ़ना चाहिए। जिन्होंने लिखा था कि मुगल सम्राट एक कट्टर और क्रूर शासक था।

रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि ऐसा व्यक्ति नायक नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि दारा शिकोह ने उपनिषदों का अनुवाद किया था और औरंगजेब ने उनकी हत्या कर दी। दारा शिकोह सभी धर्मों का सम्मान करते थे। सिंह ने आगे कहा कि महाराणा प्रताप ने अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी और मुगल सम्राट अकबर के प्रभुत्व को चुनौती दी।

उन्होंने कहा कि अपनी बहादुरी के अलावा महाराणा प्रताप ने समाज के सभी वर्गों को एकजुट किया। आदिवासी और मुसलमान उनकी सेना का हिस्सा थे। हकीम खान सूरी ने मुगलों के खिलाफ लड़ते हुए हल्दीघाटी की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति दी। मदारी नामक एक मुस्लिम युवक शिवाजी महाराज का अंगरक्षक था। भाजपा नेता ने कहा कि राणा प्रताप और शिवाजी महाराज दोनों ही मुस्लिम विरोधी नहीं थे।

क्या 20 साल बाद फिर साथ आने वाले हैं ठाकरे ब्रदर्स? महाराष्ट्र में तेज हुई हलचल

राजनाथ सिंह ने कहा कि यह हमारा नैतिक कर्तव्य है कि हम ऐतिहासिक अन्याय को दूर करें और देश के युवाओं को बताएं कि महाराणा प्रताप और शिवाजी महाराज केवल इतिहास की किताबों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रेरणा के जीवित स्रोत हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि औरंगाबाद का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर और दिल्ली में औरंगजेब रोड का नाम बदलकर एपीजे अब्दुल कलाम रोड करने में क्या गलत है।

उन्होंने कहा कि बाबर, तैमूर, औरंगजेब, गौरी और गजनवी का महिमामंडन करने से किसी को भी मुस्लिम वोट नहीं मिलेगा। जो लोग इन लोगों की प्रशंसा करते हैं, वे भारतीय मुसलमानों का अपमान करते हैं। सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए सभी भारतीय समान हैं और वह किसी के साथ भेदभाव नहीं करती। उन्होंने कहा कि हमने यह बात अपने पूर्वजों से सीखी है।

बता दें, औरंगजेब (1618-1707) हाल ही में महाराष्ट्र की राजनीति में एक मुद्दा बन गया है। जब कुछ दक्षिणपंथी नेताओं ने मांग की कि छत्रपति संभाजीनगर के कुल्दाबाद में स्थित उसकी कब्र को हटा दिया जाए।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली जल बोर्ड के ग्राहकों के साथ फ्रॉड कर रहा था हैकर, CBI ने पटना से किया गिरफ्तार; जानें पूरा मामला

महाराष्ट्र में थ्री लैंग्वेज पॉलिसी के विरोध को लेकर क्यों परेशान है BJP, पार्टी को किस बात का है डर?