सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को ड्रग्स मामले में एक दिन के रिमांड पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सौंपा गया है। तेईस वर्षीय आर्यन को कल गिरफ्तार किया गया था। उनके साथ मुनमुन धमेचा और अरबाज मर्चेंट को भी अरेस्ट किया गया। एनसीबी मुंबई के अधिकारियों ने बीते दिन शनिवार को मुंबई से गोवा के रास्ते में कॉर्डेलिया क्रूज पर छापा मारा था।
रविवार को आर्यन समेत सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। एनसीबी के विशेष अभियोजक एडवोकेट अद्वैत सेठना ने दो दिन की पुलिस हिरासत मांगी। जबकि आर्यन खान के वकील सतीश मानशिंदे ने कहा कि कोर्ट आर्यन को एक दिन के लिए रिमांड पर ले सकती है। वह इसके लिए तैयार हैं, जिससे जरूरी जांच हो जाए। उनकी दलील थी कि आर्यन के कब्जे से कुछ नहीं पाया गया है। न ही उनके मुवक्किल पर कुछ इस्तेमाल करने का आरोप है।
मानशिंदे ने कहा कि वह सोमवार को नियमित अदालत के समक्ष जमानत अर्जी देंगे। अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट आरके राजेभोसले ने दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद आर्यन खान और दो अन्य को रिमांड पर भेज दिया। सुनवाई से पहले मानशिंदे ने आर्यन से कोर्ट में ही मुलाकात की अनुमति मांगी। मजिस्ट्रेट ने उन्हें मिलने की इजाजत दी।
मानशिंदे ने अपनी दलील में कहा कि आर्यन के पास से कोई ड्रग नहीं मिली है। उसके पास से कोई बोर्डिंग पास भी नहीं मिला है। उसे आयोजकों ने पार्टी के लिए बुलाया था। उसके मोबाइल को भी खंगाला जा चुका है पर कोई संदेह भरी जानकारी उसमें नहीं मिली है। मानशिंदे का कहना था दो दिन एनसीबी की हिरासत में भेजने से कुछ हासिल नहीं होगा। केवल उनके क्लाइंट की परेशानी बढ़ेगी। एनसीबी को जो भी जानकारी लेनी है वह उसके लिए सहयोग करने को तैयार हैं। ये काम एक दिन में किया जा सकता है।
इससे पहले एनसीबी के विशेष अभियोजक एडवोकेट अद्वैत सेठना ने कहा कि आर्यन को मुंबई से गोवा जा रहे क्रूज से गिरफ्तार किया गया था। इस पर 22 लोग सवार थे। क्रूज से कुल 13 ग्राम कोकीन, 5 ग्राम मेफेड्रोन, 21 ग्राम चरस व 22 एमडीएमए बरामद की गई हैं। वहां से 1.33 लाख कैश भी मिले। टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 8 लोगों को पकड़ा है। उनका कहना था कि ड्रग्स के लिंक की जांच के लिए 5 अक्टूबर तक रिमांड मिलना जरूरी है। आरोपियों के व्हाट्सअप चैट खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, कोर्ट ने उनकी दलील को नहीं माना और 1 दिन का रिमांड मंजूर किया।