पंढरपुर/मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) पर अपने हमले तेज करते हुए रविवार को आरोप लगाया कि एनसीपी दरअसल ‘नेचुरली करप्ट पार्टी ’ (स्वाभाविक रूप से भ्रष्ट पार्टी) है। जवाब में राकांपा प्रमुख शरद पवार ने कहा कि ‘व्यक्तिगत हमले’ कर वे (मोदी) प्रधानमंत्री पद की गरिमा को कम कर रहे हैं। महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार के खत्म होने में महज एक दिन शेष रह जाने के बीच प्रतिद्वंद्वी पार्टियों में जुबानी जंग तेज हो गई है क्योंकि वे मतदाताओं को रिझाने के लिए सब कुछ करना चाहते हैं।
मोदी ने राकांपा हमले जारी रखते हुए कहा कि यदि यह फिर से सत्ता में आती है तो इसकी भ्रष्ट गतिविधियां और बढ़ जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रवादी पार्टी नहीं बल्कि ‘भ्रष्टाचारवादी पार्टी’ है। मोदी रविवार को सोलापुर जिले के पंढरपुर और उस्मानाबाद जिले के तुलजापुर में रैलियों को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने कहा कि राकांपा मूल रूप से भ्रष्ट है। पार्टी के गठन के बाद से कुछ भी नहीं बदला है। इसके नेता वही हैं। क्या आप जानते हैं कि उनकी घड़ी (चुनाव चिन्ह) का क्या मतलब है? उनकी घड़ी में 10 बजकर 10 मिनट दिखाया गया है जिसका अर्थ यह है कि प्रत्येक 10 वर्ष में उन्होंने अपनी भ्रष्ट गतिविधियां 10 गुना बढ़ा दी हैं। अगर इसे फिर चुनकर भेजा गया, तो वे अब अपना भ्रष्टाचार 15 गुना बढ़ा देंगे।
मोदी ने कांग्रेस को भी नहीं बख्शा। उन्होंने कहा कि वे केंद्र में बैठकर देश के खजाने की रखवाली कर रहे हैं और किसी पंजे (कांग्रेस का चुनाव चिन्ह) को खजाने को छूने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि साल 2014 राज्य में कांग्रेस और राकांपा के दौर की समाप्ति का है। कांग्रेस और राकांपा पर अपने शासन के दौरान राज्य को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री ने लोगों से दोनों दलों को राज्य की राजनीति से उखाड़ फेंकने की अपील की।
मोदी ने कहा कि इन्होंने अपने शासन में महाराष्ट्र को बर्बाद कर दिया और राज्य का खजाना खाली कर दिया। अभी भी समय बचा है। इन्हें राज्य की राजनीति से उखाड़ फेंकें। आपको आश्वस्त करता हूं कि मैं आपके सपनों को साकार बनाने में मदद करने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा।
पवार और उनके भतीजे पर अपने गढ़ बरामती में लोगों को गुलाम बनाने के मोदी के आरोपों के बाद राकांपा प्रमुख ने प्रधानमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा था कि व्यक्तिगत हमले के जरिए सार्वजनिक बहस का स्तर गिरा कर वे (मोदी) प्रधानमंत्री पद की प्रतिष्ठा कम कर रहे हैं। पवार ने मुंबई में मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री के पद को कमतर किया जा रहा है और इस पर आसीन लोग सार्वजनिक बहस के स्तर को कम कर रहे हैं। भाषणों में निजी हमलों को वरीयता दी जा रही है।