Navjot Singh Sidhu: जेल से बाहर आने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने आज मनसा पहुंच दिवगंत गायक सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य के लॉ एंड ऑर्डर पर भी सवाल उठाए। राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकारें अपराधियों की रक्षा के लिए होती हैं?
नवजोत सिंह सिद्धू दोपहर करीब सवा दो बजे मनसा पहुंचे थे। उनके साथ कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता भी थे। क्रिकट की दुनिया से सियासत में आने वाले नवजोत सिंह सिद्धू पिछले शनिवार को ही पटियाला जेल से बाहर आए हैं। उन्हें साल 1988 के एक रोड रेज मामले में 1 साल की सजा हुई थी। उन्हें अच्छे बर्ताव की वजह से 10 महीने में ही छोड़ दिया गया।
पिछले साल मई में हुई थी मूसेवाला की हत्या
शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की हत्या पिछले साल मनसा में 29 मई को हुई थी। मूसेवाला ने दिसंबर 2021 में कांग्रेस पार्टी ज्वॉइन की थी। उस समय नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष थे। तब नवजोत सिंह सिद्धू ने गायक मूसेवाला को यूथ आइकन बताया था।
पिछले साल पटियाला कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने 20 मई को सरेंडर कर दिया था। सिद्धू के जेल जाने के कुछ दिन बाद ही सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी।
सिद्धू मूसेवाला ने साल 2022 में कांग्रेस के टिकट पर मनसा सीट से पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए पिछले महीने पंजाब विधानसभा के बाहर धरना भी दे चुके हैं।
नवजोत सिंह सिद्धू बीजेपी पर भी हमलावर
जेल से बाहर आने के तुरंत बाद नवजतो सिंह सिद्धू ने बीजेपी और केंद्र सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र को जंजीरों में जकड़ा गया है और संस्थानों को गुलाम बना दिया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाने का षड्यंत्र रचा जा राह है।