हैदराबाद गैंग रेप और निर्मम हत्या की घटना को लेकर देश भर में लोग गुस्से में है।  देश के अलग-अलग शहरों में लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की प्रमुख स्वाति मालीवाल देश के विभिन्न हिस्से में पिछले कुछ दिनों में सामने आई दुष्कर्म की घटनाओं के खिलाफ मंगलवार (3 दिसंम्बर) से आमरण अनशन पर बैठेंगी। मालीवाल सुबह 10 बजे जंतर मंतर पर आमरण अनशन के लिए बैठेंगी। उससे पहले वह सुबह 10.30 बजे राजघाट जाकर बापू को श्रद्धांजलि देंगी।

 उद्योगपति राहुल बजाज की टिप्पणी पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि अपनी खुद की राय का प्रचार करने से ‘राष्ट्रीय हित का नुकसान हो सकता है।’ बजाज ने पिछले दिनों मुंबई में एक समारोह में गृहमंत्री अमित शाह और कुछ अन्य वारिष्ठ मंत्रियों के सामने नरेन्द्र मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा था कि इस एस समय उद्योग जगत को सरकार के खिलाफ कुछ बोलने में डर लगता है। वित्त मंत्री सीतारमण के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। शनिवार (30 नवंबर) की शाम को इकोनोमिक टाइम्स के ईटी पुरस्कार वितरण समाराह में शाह के अलावा रेल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और सीतारमण भी थीं।

Hindi News Today, 02 December 2019 LIVE Updates: देश की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने दावा किया कि उनकी पार्टी के देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री के नियंत्रण वाली 40,000 करोड़ रुपए की केंद्रीय निधि का ‘दुरुपयोग’ होने से ‘बचाने’’ के लिए बहुमत न होने के बावजूद पिछले महीने महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया गया। विवादित बयान देने के लिए पहचाने जाने वाले हेगड़े ने महाराष्ट्र में भाजपा द्वारा सरकार बनाने को ‘नाटक’ बताते हुए इस प्रकरण में एक नया दिलचस्प मोड़ देने की कोशिश की। हेगड़े ने मुख्यमंत्री के तौर पर फडणवीस के दूसरी बार शपथ लेने के महज 80 घंटों बाद इस्तीफा देने को ‘नाटक’ बताते हुए कहा कि यह इसलिए किया गया कि विकास कार्यों के लिए दी गई निधि की ‘रक्षा’ की जा सके।

 

Live Blog

11:54 (IST)03 Dec 2019
मथुरा से भाजपा सांसद, हेमा मालिनी ने कहा- आरोपी जेल से बाहर नहीं जाना चाहिए


मथुरा से भाजपा सांसद, हेमा मालिनी ने बलात्कार और तेलंगाना में महिला चिकित्सक की हत्या पर कहा है कि हर दिन हम महिलाओं के साथ हो रही इन बातों को सुन रहे हैं, महिलाओं को परेशान किया जा रहा है। मेरा सुझाव है कि दोषियों को जेल में स्थायी रूप से रखा जाए, एक बार जेल जाने के बाद उन्हें बिल्कुल भी रिहा नहीं किया जाना चाहिए।

11:32 (IST)03 Dec 2019
महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल को भूखहड़ताल पर बैठने से रोका

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर अपनी नियोजित भूख हड़ताल पर बैठने जा रही है लेकिन पुलिस कह रही है कि उनके पास ऊपर से आदेश हैं कि हम उन्हें भूख हड़ताल पर न बैठने दें। मैं अपराधी नहीं हूं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिल्ली पुलिस सहयोग नहीं कर रही है।

09:57 (IST)03 Dec 2019
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीजेपी संसदीय दल की बैठक के लिए संसद भवन पहुंचे

दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, और प्रल्हाद जोशी, जितेंद्र सिंह और अर्जुन राम मेघवाल बीजेपी संसदीय दल की बैठक के लिए संसद भवन पहुंचे।

09:38 (IST)03 Dec 2019
ओडिशा में अंतरराष्ट्रीय आपदा और जोखिम प्रबंधन संस्थान की स्थापना का नोटिस

बीजू जनता दल (BJD) के सांसद प्रसन्ना आचार्य ने राज्यसभा में 'ओडिशा में अंतरराष्ट्रीय आपदा और जोखिम प्रबंधन संस्थान' की स्थापना को लेकर शून्यकाल में नोटिस दिया है।

07:45 (IST)03 Dec 2019
हैदराबाद डॉक्टर के साथ गैंग रेप और उसकी निर्मम हत्या की घटना को लेकर देश भर में लोग गुस्से में

हैदराबाद में वेटनरी डॉक्टर के साथ गैंग रेप और उसकी निर्मम हत्या की घटना को लेकर देश भर में लोग गुस्से में है। देश के अलग-अलग शहरों में लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की प्रमुख स्वाति मालीवाल देश के विभिन्न हिस्से में पिछले कुछ दिनों में सामने आई दुष्कर्म की घटनाओं के खिलाफ मंगलवार (3 दिसंम्बर) से आमरण अनशन पर बैठेंगी। मालीवाल सुबह 10 बजे जंतर मंतर पर आमरण अनशन के लिए बैठेंगी। उससे पहले वह सुबह 10.30 बजे राजघाट जाकर बापू को श्रद्धांजलि देंगी।

18:24 (IST)02 Dec 2019
छत्तीसगढ़ में पांच बारूदी सुरंग बरामद

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने दो स्थानों से पांच बारूदी सुरंग बरामद की है। वहीं एक बारूदी सुरंग को नष्ट करने के दौरान एक जवान घायल हो गया है।बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जिला बल के दल ने जिले के सारकेगुड़ा और तरेम गांव के जंगल से चार बारूदी सुरंग तथा फरसेगढ़ क्षेत्र में सागमेटा गांव के जंगल से एक बारूदी सुरंग बरामद की है। 

17:59 (IST)02 Dec 2019
नसबंदी के बाद महिलाओं को जमीन पर लिटाने के मामलों में कड़ी कार्रवाई होगी: स्वास्थ्य मंत्री

मध्य प्रदेश के अलग-अलग सरकारी अस्पतालों में नसबंदी ऑपरेशनों के बाद महिलाओं को अमानवीय हालात में जमीन पर लिटाये जाने के मामलों में सोमवार (02 दिसंबर) को राज्य के लोक स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। सिलावट ने यहां संवाददाताओं से कहा, 'ये मामले मेरे संज्ञान में आ चुके हैं। मैंने इन मामलों की विस्तृत जांच के आदेश दे दिये हैं। मामलों के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।'

17:06 (IST)02 Dec 2019
अश्लील डांस के कारण बार पर छापा, 10 लोग गिरफ्तार

पुलिस ने शनिवार (30 नवंबर) को उपनगर अंधेरी में एक बार पर छापा मारा और चार महिलाओं को वहां से मुक्त कराया। आरोप है कि बार में अश्लील डांस की गतिविधियां हो रही थी। पुलिस ने डांस देख रहे लोगों और होटल के कर्मचारियों सहित 10 लोगों को भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस ने नवंबर में भी चार बार पर छापे मारे थे और वहां से 16 महिलाओं को मुक्त कराया था। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि अंधेरी इलाके में कई बार की संरचना में अवैध बदलाव किए गए हैं जिससे आग लगने की स्थिति में वहां के लोगों के लिए खतरा हो सकता है।

16:38 (IST)02 Dec 2019
पुलिस अधिकारी से दुर्व्यवहार के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी के साथ कथित रूप दुर्व्यवहार के लिए 50 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कोपरी इलाके के निवासी अनंत विष्णु साबले ने पिछले सप्ताह अपने पड़ोसियों द्वारा कथित रूप से उत्पीड़न किये जाने के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और इसे लेकर 'आमरण अनशन' पर बैठ गया था। अधिकारी ने कहा कि साबले और उसके पड़ोसियों को रविवार  (01 दिसंबर) को पूछताछ के लिए कोपरी पुलिस थाने बुलाया गया।

15:46 (IST)02 Dec 2019
आप ने दिल्ली में कानून-व्यवस्था की बिगड़ी स्थिति पर अमित शाह से किया सवाल

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में कानून एवं व्यवस्था की कथित रूप से बिगड़ती स्थिति पर सोमवार (02 दिसंबर) को गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किए और पूछा कि उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए क्या किया है। एक संवाददाता सम्मेलन में आप प्रवक्ता आतिशी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है और शाह के गृह मंत्रालय का प्रभार संभालने के बाद से राष्ट्रीय राजधानी में बलात्कार के मामले बढ़ गए हैं।

14:04 (IST)02 Dec 2019
शिवसेना ने हेगड़े के दावे पर कहा: निधि वापस करना महाराष्ट्र के साथ विश्वासघात है

शिवसेना ने सोमवार को भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े के दावे को महाराष्ट्र के साथ विश्वासघात बताया। गौरतलब है कि हेगड़े ने दावा किया कि उनकी पार्टी के देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री के नियंत्रण वाली 40,000 करोड़ रुपए की केंद्रीय निधि का ‘दुरुपयोग’ होने से ‘बचाने’ के लिए बहुमत न होने के बावजूद पिछले महीने महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया गया।

13:14 (IST)02 Dec 2019
दहेज के लालच में ससुराल वालों ने महिला की हत्या की

प्रदेश के शामली जिले में एक महिला की उसके ससुराल वालों ने दहेज के लालच में कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार (02 नवंबर) को बताया कि मृतक के पिता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक शादी के बाद से ही महिला का पति और उसके ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे। महिला की शादी तीन महीने पहले हुई थी। थानाभवन थाने के प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि महिला ससुराल के अपने कमरे में पंखे से लटकी मिली।

12:54 (IST)02 Dec 2019
अनंत कुमार के बयान पर जवाब दें प्रधानमंत्री: कांग्रेस

कांग्रेस ने महाराष्ट्र में भाजपा की अल्पकालिक सरकार बनने के संदर्भ में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े के कथित दावे को लेकर सोमवार (02 दिसंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब की मांग करते हुए कहा कि इससे मोदी सरकार की पोल खुल गई है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ एक पूर्व केंद्रीय मंत्री ने खोली मोदी सरकार की पोल, भाजपा का महाराष्ट्र विरोधी चेहरा बेनकÞाब हुआ।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या संघीय ढांचे को पांव तले रौंद दिया गया? क्या जनता और किसान की भलाई के काम आने वाला 40,000 करोड़ रुपया एक षड्यंत्र के तहत वापस ले लिया गया?’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जबाब दें।’’

11:35 (IST)02 Dec 2019
'अमीर दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए गरीबों की जेब काट रही है भाजपा': प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने निजी क्षेत्र की प्रमुख मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों की इंटरनेट एवं कॉल की दर बढ़ने को लेकर सोमवार (02 दिसंबर) को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि 'भाजपा अपने अमीर दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए गरीबों की जेब काट रही है।'  गांधी ने ट्वीट किया, 'भाजपा पिछले 6 सालों से मोबाइल इंटरनेट और कॉल सस्ता करने की डींगें हाँकती थी। अब इसकी भी हवा निकल गई।'

10:38 (IST)02 Dec 2019
दिल्ली में वायु गुणवत्ता फिर खराब स्तर पर पहुंची

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह वायु गुणवत्ता एक बार फिर खराब श्रेणी में पहुंच गई। सीपीसीबी के अनुसार सुबह सात बजकर 43 मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 283 रहा। हवा की गति धीमी होने से रविवार (01 दिसंबर) को भी वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में थी।

10:23 (IST)02 Dec 2019
स्वीडन का शाही जोड़ा पांच दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचा

स्वीडन के राजा कार्ल सोलहवें गुस्ताफ तथा रानी सिल्विया सोमवार (02 दिसंबर) को पांच दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे। राजा गुस्ताफ राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे और दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत करने पर चर्चा होगी। शाही दंपत्ति मुम्बई और उत्तराखंड भी जाएगा। शाही जोड़ा दिल्ली में जामा मस्जिद, लाल किला और गांधी स्मृति जाएगा। राजा गुस्ताफ की यह तीसरी भारत यात्रा है।

09:54 (IST)02 Dec 2019
बुलेट ट्रेन परियोजना की समीक्षा करेगी महाराष्ट्र सरकार: ठाकरे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि उन्होंने मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन समेत राज्य में चल रही सभी विकास परियोजनाओं की समीक्षा के आदेश दिए हैं। बुलेट ट्रेन परियोजना को किसानों और आदिवासियों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा जिनकी भूमि अधिग्रहित की जानी है। उन्होंने रविवार (01 दिसंबर) की देर रात यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘यह सरकार आम आदमी की है। जैसा कि आपने अभी पूछा, हां, हम बुलेट ट्रेन (परियोजना) की समीक्षा करेंगे। क्या मैंने आरे कार शेड की तरह बुलेट ट्रेन परियोजना को रोका है? नहीं।’’ 

09:20 (IST)02 Dec 2019
कोलकाता में दो स्थानों पर आग लगने से गोदाम और झोपड़ियां जल कर खाक

कोलकाता में दो स्थानों पर लगी आग की घटनाओं में एक गोदाम और कई झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं मिली है। पहली घटना में रविवार (01 दिसंबर) तड़के शहर के कस्बा इलाके में ई एम बाईपास के पास एक निजी अस्पताल की दीवार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई और उसके पास बनी कई झोपड़ियां जलकर राख हो गईं।

08:55 (IST)02 Dec 2019
झारखंड में बनाएंगे बहुमत की सरकार: राजनाथ

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार (01 दिसंबर)  को दावा किया कि भाजपा राज्य में चल रहे विधानसभा चुनाव के बाद झारखंड में बहुमत की सरकार बनाएगी। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि उन्होंने शनिवार को पहले चरण के मतदान के बाद विभिन्न तबकों के लोगों तथा राजनीतिक विश्लेषकों से बात की है। उन्होंने कहा, ‘जानकारी से संकेत मिला कि भाजपा पहले चरण के मतदान वाली 13 सीटों में से नौ से दस सीट जीतने जा रही है...हम राज्य में बहुमत की सरकार बनाएंगे।’

08:16 (IST)02 Dec 2019
कांग्रेस ‘जटिलता’ पैदा करती है, भाजपा ‘समाधान’ देती है: प्रसाद

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने रविवार को कहा कि भाजपा समाधान देती है, जबकि कांग्रेस ‘जटिलता’ पैदा करती है। प्रसाद ने यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘कांग्रेस का काम उलझाना, भाजपा का काम सुलझाना।’

19:34 (IST)01 Dec 2019
महाराष्ट्र के किसानों के लिए आर्थिक मदद की मांग

महाराष्ट्र के सीएम ने विपक्ष के नेताओं से अपील की है वे पीएम मोदी से मिलकर राज्य के किसानों के लिए आर्थिक मदद की मांग करें।

19:23 (IST)01 Dec 2019
निर्भया गैंग रेप और मर्डर केस के दोषी की दया याचिका सरकार ने ठुकराई

दिल्ली सरकार ने निर्भया गैंग रेप और मर्डर केस के दोषियों में से एक की दया याचिकी की अपील ठुकरा दी। 

19:12 (IST)01 Dec 2019
पोर्टफोलियो के आवंटन के लिए जल्द करेगे बैठक: उद्धव ठाकरे

तीनों दलों (शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस) के नेता पोर्टफोलियो के आवंटन पर चर्चा के लिए एक बैठक करेंगे। 6 मंत्रियों के लिए आवंटन जल्द से जल्द किया जाएगा।  

18:20 (IST)01 Dec 2019
शिवसेना हिंदुत्व से नहीं हटेगी

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि शिवसेना हिंदुत्व के मुद्दे से जरा सा भी नहीं हटेगी। वह इस पर पहले की ही तरह अडिग रहेगी।

17:08 (IST)01 Dec 2019
राहुल गांधी तीन दिन वायनाड में रहेंगे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 4 से 7 दिसंबर तक अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड का दौरा करेंगे। 

15:24 (IST)01 Dec 2019
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा का कांग्रेस पर हमला

चाईबासा में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि यूपीए के कार्यकाल में एक भी बंदूक नहीं खरीदी गई थी। 'वन रैंक, वन पेंशन' की मांग 1971 से लंबित थी। जब हम सत्ता में आए, तो हमने 22 लाख फौजियों को ओआरओपी दिया, 36 राफेल खरीदी और हमारे सैनिकों को 1.81 लाख बुलेट-प्रूफ जैकेट वितरित किए।

14:01 (IST)01 Dec 2019
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का बयान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि मैं एक भाग्यशाली मुख्यमंत्री हूं क्योंकि जिन्होंने मेरा विरोध किया वे अब मेरे साथ हैं और जो मैं साथ थे वे अब विपरीत दिशा में हैं।

13:45 (IST)01 Dec 2019
मोदी ने बीएसएफ के स्थापना दिवस पर दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सीमा सुरक्षा बल के 55वें स्थापना दिवस पर संगठन के कर्मियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘बीएसएफ के स्थापना दिवस पर सभी बीएसएफ कर्मियों और उनके परिवारों को बधाई। यह बल हमारी सीमाओं की कर्मठता के साथ रक्षा कर रहा है।’’

13:38 (IST)01 Dec 2019
फडणवीस की सत्ता हासिल करने की जल्दबाजी महाराष्ट्र में भाजपा को ले डूबी : राउत

शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने रविवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सत्ता हासिल करने में जल्दबाजी और ‘‘बचकानी टिप्पणियां’ महाराष्ट्र में भाजपा को ले डूबी और फडणवीस को विपक्ष में बैठना पड़ गया। राउत ने शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में अपने ‘रोखठोक’ स्तंभ में दावा किया कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, राकांपा सुप्रीमो शरद पवार और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के साथ आने से महाराष्ट्र में जो हुआ वह देश को भी स्वीकार है।

13:25 (IST)01 Dec 2019
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने विधानसभा में फडणवीस को बधाई दी

भाजपा नेता देवेंद्र फड़नवीस को महाराष्ट्र विधानसभा के नेता विपक्ष के रूप में चुना गया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, शिवसेना, एनसीपी, कांग्रेस के मंत्रियों ने विधानसभा में फडणवीस को बधाई दी।

11:39 (IST)01 Dec 2019
राज्य विधानसभा में भाजपा के देवेंद्र फड़नवीस का बयान

राज्य विधानसभा में भाजपा के देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि हमने विधानसभा स्पीकर के पद के लिए किसान कथोरे को नामित किया था, लेकिन सर्वदलीय बैठक में, अन्य दलों ने हमसे अनुरोध किया और यह परंपरा रही है कि स्पीकर को निर्विरोध नियुक्त किया जाता है, इसलिए हमने अनुरोध स्वीकार कर लिया और अपने उम्मीदवार का नाम वापस ले लिया।

11:11 (IST)01 Dec 2019
निर्विरोध होगा विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव, BJP ने नाम वापस लिया; छगन भुजबल बोले

महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष चुनाव पर छगन भुजबल ने कहा कि इससे पहले, विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए विपक्ष ने भी फार्म भरा था, लेकिन अन्य विधायकों के अनुरोध और विधानसभा की गरिमा को बनाए रखने के लिए, उन्होंने नाम वापस ले लिया। अब अध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध होना है।

Image

10:07 (IST)01 Dec 2019
उप्र में नाबालिग बेटी के साथ बलात्कार करने वाले को 20 साल की कैद

मुजफ्फरनगर जिले की एक विशेष अदालत ने 50 वर्षीय एक व्यक्ति को अपनी 17 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार करने के मामले में 20 साल की सजा सुनाई है। मामला तीन वर्ष पुराना है। पोक्सो अधिनियम के तहत गठित अदालत ने शनिवार को व्यक्ति को दोषी ठहराया।

09:38 (IST)01 Dec 2019
भाजपा विधायक शकुंतला खटीक सहित 7 अन्य को 3 साल की कैद

भोपाल: करैरा की पूर्व भाजपा विधायक शकुंतला खटीक सहित 7 अन्य को 3 साल की कैद और 2017 के मंदसौर गोलीबारी मामले में प्रत्येक पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। खटीक ने मंदसौर में किसान विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस थाने को जलाने की धमकी दी। स्थानीय अदालत ने शनिवार को फैसला सुनाया।

08:55 (IST)01 Dec 2019
बम की खबर पर नागपुर में ट्रेन की कराई गई जांच

ट्रेन में बम की खबर मिलने पर ट्रेन संख्या 12611 चेन्नई-निजामुद्दीन एक्सप्रेस को शनिवार रात नागपुर स्टेशन पर एक घंटे से अधिक समय तक रोककर रखा गया।
अधिकारियों ने कहा कि ट्रेन को रात 8 बजकर 45 मिनट पर रोक दिया गया और उसके बाद रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षाबल के जवानों और डॉग स्क्वॉड द्वारा ट्रेन की पूरी तरह से जांच की गई।

07:55 (IST)01 Dec 2019
हैदराबाद गैंगरेप मर्डर केस में 3 पुलिस वालें सस्पेंड

हैदराबाद गैंगरेप मर्डर केस में तीन पुलिस वालों को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, घटना वाली रात को एक महिला के लापता होने के मामले में FIR दर्ज करने में देरी संबंधी ड्यूटी में लापरवाही बरतने के मामले में आज पूरी जांच की गई। जिसके बाद यह कार्रवाई हुई है।