Nagaland Governor Passes Away: नागालैंड के राज्यपाल ला गणेशन का शुक्रवार को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे। राजभवन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। कोहिमा राजभवन के पीआरओ के अनुसार, गणेशन पिछले कुछ दिनों से अस्पताल के आईसीयू में थे और शुक्रवार रात उनका निधन हो गया।
मीडिया रिपोर्ट अनुसार, 8 अगस्त को चेन्नई स्थित अपने घर पर उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनके सिर में चोट लग गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां गहन निगरानी और उपचार के लिए उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया।
गणेशन को 12 फरवरी, 2023 को नागालैंड का 21वां राज्यपाल नियुक्त किया गया और उन्होंने उसी वर्ष 20 फरवरी को पदभार ग्रहण किया।
पीएम मोदी ने जताया दुख
राज्यपाल के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा, “नागालैंड के राज्यपाल थिरु ला. गणेशन जी के निधन से दुःख हुआ। उन्हें एक समर्पित राष्ट्रवादी के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने अपना जीवन सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने तमिलनाडु में भाजपा का विस्तार करने के लिए कड़ी मेहनत की। वह तमिल संस्कृति के प्रति भी गहरे भावुक थे। मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”
नागालैंड के 19वें राज्यपाल थे गणेशन
ला गणेशन ने 20 फरवरी 2023 को नागालैंड के 19वें राज्यपाल के रूप में पदभार संभाला था। इससे पहले वे अगस्त 2021 से फरवरी 2023 तक मणिपुर के और जुलाई 2022 से नवंबर 2022 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल (अतिरिक्त प्रभार) की भूमिका निभा चुके हैं।
पहले संघ फिर भाजपा से जुड़े गणेशन
ला गणेशन का जन्म 16 फरवरी, 1945 को तंजावुर में में हुआ था। बचपन से वे राष्ट्रीय स्वयं संघ (आरएसएस) की विचारधाराओं से प्रभावित थे। उनके पिता और भाई आरएसएस से जुड़े थे। साल 1970 में वे आरएसएस के प्रचारक बने और करीब 20 सालों तक उन्होंने नागरकोइल, मदुरै और अन्य स्थानों पर अलग-अलग पदों पर रहते हुए संघ को सेवा दी। साल 1991 में वे भाजपा में शामिल हुए और तमिलनाडु बीजेपी के संगठन सचिव बने। इस पद पर रहते हुए उन्होंने तमिलनाडु बीजेपी के कामकाज और संगठन में राज्य में मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। 2006 से 2009 के बीच गणेशन तमिलनाडु बीजेपी के अध्यक्ष रहे।