अयोध्या में उत्सव मनाया जा रहा है। प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम पूरा हो चुका है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद से भगवान श्री राम की पहली तस्वीर सामने आ चुकी है। लोग भक्ति में डूबे हुए हैं। प्राण प्रतिष्ठा के समापन के साथ ही पीएम मोदी ने अपना व्रत खोल लिया है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत के कई राज्यों में आज बच्चे जन्म ले रहे हैं। दरअसल, कई सारी महिलाएं चाहती थीं कि उनका बच्चा 22 जनवरी यानी प्राण प्रतिष्ठा के पवित्र दिन जन्म लें।

महिलाओं ने 22 जनवरी को डिलीवरी की इच्छा जताई थी। इस बीच यूपी के फिरोजाबाद में एक मुस्लिम महिला ने अपने बेटे को जन्म दिया है। बच्चे की दादी ने हुस्न बानो ने मीडिया को बताया कि आज अयोध्या में प्रभु राम विराजमान हुए हैं। इसलिए हमने अपने बच्चे का नाम राम रहीम रखा है।

बेटे का नाम रखा राम रहीम

हुस्ना का कहना है कि 22 जनवरी यानी आज का दिन बहुत अच्छा है। भगवान राम का उत्सव मनाया जा रहा है। बहू ने आज बेटे को जन्म दिया है। इसलिए हमने आज के दिन को देखते हुए बेटे का नाम राम रहीम रखा है। खुशी की बात यह है कि जच्चा-बच्चा दोनों ठीक हैं।

अब तक 12 बच्चों ने लिया जन्म

रिपोर्ट के अनुसार, फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में आज के दिन अब तक 12 बच्चों ने जन्म लिया है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ नवीन जैन के अनुसार, आज के दिन जन्म लेने वालों बच्चों के लिए मेडिकल कॉलेज की तरफ से नए वस्त्र उपहार दिए जा रहे हैं। आज के दिन 11 से अधिक प्राइवेट नर्सिंग होम में भी कई बच्चों ने जन्म लिया है। वहीं यूपी के संभल में भी एक परिवार में आज के दिन जन्में बच्चे का नाम राम रखा है। पिता ने बच्चे के गले में रामनामी पटका भी डाला और नवजात के कानों में राम नाम का मंत्र भी फूंका। 22 जनवरी के दिन बच्चे के जन्म से परिवार के लोग बहुत खुश हैं। अस्पतालों को सजा दिया गया है।