गुजरात के मोरबी में मच्छू नदी पर बना पुल गिरने के कारण बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में अब तक 132 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस घटना पर नजर बनाए हुए हैं और वह राहत-बचाव कार्य की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

पढ़िए पिछले 20 सालों के सबसे खतरनाक पुल हादसों के बारे में-

30 अक्टूबर 2022 को मोरबी पुल हादसा

इस पुल हादसे में अब तक 132 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। चार दिन पहले ही पुल शुरू हुआ था।

2021 में मेक्सिको सिटी में 26 लोगों की मौत

मई 2021 में मैक्सिको सिटी मेट्रो सिस्टम के ट्रैक पर एक ऊंचा खंड गिर गया था, जिससे एक यात्री ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में 26 लोग मारे गए और दर्जनों लोग घायल हो गए थे।

2018 में जेनोआ में 43 लोगों की मौत

2018 में इटली के जेनोआ शहर में एक पुल के गिरने से 43 लोगों की मौत हो गई। मोरांडी पुल, फ्रांस और इटली को जोड़ने वाले एक प्रमुख राजमार्ग का हिस्सा था। अगस्त 2018 में मूसलाधार बारिश में यह गिर गया, जिससे दर्जनों वाहन और उसपे सवार यात्री खाई में गिर गए थे।

2016 में कोलकाता में 26 लोगों की मौत

मार्च 2016 में कोलकाता में एक व्यस्त सड़क पर एक फ्लाईओवर के गिरने से कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई थी। बचावकर्मियों ने कंक्रीट के बड़े स्लैब और धातु के नीचे घायल हुए लगभग 100 लोगों को बाहर निकाला था।

2011 में भारत में आपदाएं

अक्टूबर 2011 में दार्जिलिंग से लगभग 30 किलोमीटर दूर पूर्वोत्तर भारत में भीड़ से भरा एक पुल गिरने से कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के एक हफ्ते से भी कम समय में अरुणाचल प्रदेश में भी एक नदी पर बने फुटब्रिज के गिरने से करीब 30 लोगों की मौत हो गई थी।

2007 में नेपाल और चीन में हादसा

अगस्त 2007 में चीन में मध्य हुनान प्रांत में एक नदी पर बने पुल गिरने से कम से कम 64 श्रमिकों की मौत हो गई थी। वहीं नेपाल में दिसंबर में पश्चिम में तीर्थयात्रियों से भरे पुल के गिरने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 25 लापता हो गए थे।

मोरबी पुल हादसे का पहला वीडियो, देखें

2003 में भारत और बोलीविया

भारत में अगस्त 2003 में 19 बच्चों सहित 20 लोगों की मौत हो गई थी, जब मुंबई के पास एक पुल नदी में गिर गया था। इस हादसे में एक स्कूल बस और चार अन्य वाहन नदी में गिर गया था।

वहीं दिसंबर में बोलीविया में कम से कम 29 लोगों की मौत हो गई थी क्योंकि बाढ़ के कारण एक पुल बहा गया था।