पिछले 62 सालों के दौरान ऐसा कभी नहीं देखा गया। मुंबई और दिल्ली में मानसून की दस्तक में हमेशा से 15-16 दिनों का गैप देखने को मिलता रहा है। अलबत्ता 2023 के जून में मानसून मुंबई और दिल्ली में एक ही दिन पहुंचा। 21 जून, 1961 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब दिल्ली और मुंबई में रविवार को मानसून एक साथ आया। रविवार को दोनों जगह मूसलाधार बारिश देखी गई। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में मानसून अक्सर 11 जून को पहुंचता है तो दिल्ली में इसके पहुंचने की तारीख 27 जून तय की गई है। लेकिन इस बार दोनों ही जगहों पर ये एक ही समय में पहुंचा।
मौसम में आए इस बदलाव से मौसम वैज्ञानिक भी हैरत में हैं। लेकिन वो कुछ नहीं बोल पा रहे कि ऐसा क्यों हुआ। वैज्ञानिकों का कहना है कि क्लाइमेट चेंज को इसके लिए जिम्मेदार ठहराना जल्दबाजी होगी, क्योंकि इसके लिए 30-40 साल का डाटा देखने की जरूरत है। मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. नरेश कुमार का कहना है कि मानसून के देश भर के 80 फीसदी हिस्से में जल्द पहुंचने की वजह बंगाल की खाड़ी का दबाव था।
मुंबई में मध्यम तो उपनगरों में मूसलाधार बारिश
मुंबई और उसके उपनगरों में पिछले 24 घंटों में मध्यम से भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार तक और अधिक बारिश होने की संभावना जताई है। आईएमडी के मुताबिक पिछले 24 घंटों में मुंबई शहर में मध्यम बारिश हुई जबकि उपनगरों में भारी बारिश दर्ज की गई। कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हुई। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के एक प्रवक्ता ने कहा कि समुद्र के किनारे बसे शहर, पूर्वी और पश्चिमी उपनगर में सोमवार सुबह आठ बजे से 24 घंटे पूर्व क्रमश: 31 मिलीमीटर, 54 मिलीमीटर और 59 मिलीमीटर औसतन बारिश हुई।
मध्य प्रदेश में जारी हुआ आरेंज और यलो अलर्ट
मध्य प्रदेश के आठ जिलों में अगले 24 घंटों में भारी और बहुत भारी बारिश के अनुमान के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट और 22 जिलों में मूसलाधार बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में अगले 24 घंटों में (सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक) कहीं-कहीं पर अत्यधिक बारिश (205.4 मिलीमीटर से अधिक) व गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में जोरदार बारिश
पंजाब और हरियाणा बीते 24 घंटों में जोरदार बारिश हुई है। बीते 24 घंटों में हरियाणा के रोहतक में 96.3 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं नारनौल में 24 मिलीमीटर, करनाल में 22.1 मिलीमीटर, कुरुक्षेत्र में 19.5 मिलीमीटर, गुरुग्राम में 9.5 मिलीमीटर, अम्बाला में 7.4 मिलीमीटर, सिरसा में 4.9 मिलीमीटर और भिवानी में 1.7 मिलीमीटर बारिश हुई। पंजाब के अमृतसर में सबसे अधिक 113.2 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद गुरदासपुर में 26.7 मिलीमीटर, फरीदकोट में 24.8 मिलीमीटर, फिरोजपुर में 16 मिलीमीटर और पठानकोट में 14.1 मिलीमीटर बारिश हुई।