नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिक पंजिका (NRC) के खिलाफ प्रदर्शनों पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी के पूर्व नेता राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह देश के लोगों को बांट रहे हैं तथा अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए नफरत के पीछे छिप रहे हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा ” भारत के प्रिय युवाओं, मोदी और शाह ने आपके भविष्य को बर्बाद कर दिया है। वो नौकरियों की कमी और अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर आपके गुस्से का सामना नहीं कर सकते। यही वजह है कि हमारे प्यारे भारत को बांट रहे हैं और नफरत के पीछे छिप रहे हैं।”

नागरिकता संशोधन कानून को ‘असंवैधानिक’ करार दिया : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा “हम हर भारतीय के प्रति स्नेह दिखाकर इनको पराजित कर सकते हैं।” कांग्रेस नागरिकता संशोधन कानून को ‘ असंवैधानिक’  करार देते हुए इसका खुलकर विरोध कर रही है। उसने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ सोमवार को राजघाट पर सत्याग्रह करने का फैसला किया है, इसमें कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं।

National Hindi News 22 December 2019 Live Updates: देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

पीएम पर बोला था तीखा हमला : हाल ही में दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस ने एक रैली करके अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर पीएम मोदी पर विफलता का आरोप लगाया था। कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा था कि इस सरकार में अंधेर नगरी और चौपट राजा का माहौल है। रैली में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम तथा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत कई नेता जुटे थे।

रैली में लगाया था मोदी पर आरोप : नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हुई इस रैली में राहुल गांधी ने खुद के बारे में कहा था कि वे ‘राहुल सावरकर’ नहीं ‘राहुल गांधी’ हैं। कहा कि बीजेपी सरकार से वे नहीं डरते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार देश को बर्बादी के रास्ते पर ले जा रही है। देश की जनता को इस बात को समझना होगा। उन्होंने कांग्रेस सरकारों के विकास के बारे में बताते हुए कहा था कि उनके नेताओं ने अपनी कुर्बानी देकर देश को आगे बढ़ाया था।