Modi Govt vs Manmohan Govt: कांग्रेस ने शनिवार को भारत के आर्थिक विकास की गति को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस ने कहा कि आर्थिक विकास का मतलब कृषि से लेकर उद्योग और सेवाओं तक रोजगार का विविधीकरण है। कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया कि इस दिशा में मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्रित्व काल में हासिल की गई प्रगति को नरेंद्र मोदी सरकार ने उलट दिया है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शनिवार सुबह एक्स पर लिखा, ‘वर्ष 2004-05 और 2017-18 के बीच भारत में कृषि श्रमिकों की संख्या में 6.7 करोड़ की गिरावट आई थी। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि श्रमिकों ने मैन्युफैक्चरिंग और सेवा क्षेत्र में ज़्यादा वेतन वाले कामों के लिए कम वेतन वाले कृषि क्षेत्र के काम को छोड़ा था। यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि थी और भारत को मध्यम आय वाला देश बनाने की दिशा में इसका महत्वपूर्ण योगदान था।’
जयराम रमेश ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में देश ने जितनी उपलब्धि हासिल की और जितनी प्रगति की, वह प्रधानमंत्री मोदी के अन्याय काल के तीन वर्षों के भीतर ही लगभग पूरी तरह से उलट गई है। 2018-19 के बाद से कृषि श्रमिकों की संख्या 6 करोड़ बढ़ गई है, और यह कोविद-19 महामारी से पहले ही हो रहा था।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि आर्थिक विकास का अर्थ कृषि से लेकर उद्योग और सेवा तक हर क्षेत्र में रोज़गार का अवसर बढ़ना है। यह वह क्रम है जिसे सभी देश फॉलो करते हैं – और भारत ने भी अब तक इसे फॉलो किया है। भारत को समृद्धि की राह पर ले जाने के बजाय, प्रधान मंत्री की लगातार ग़लत नीतियों और कुप्रबंधन ने हमारे आर्थिक सुधार को 20 साल पीछे धकेल दिया है।
‘कांग्रेस ने ही ममता को सांसद बनाया’
टीएमसी के साथ सीट बंटवारे पर कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी, जयराम रमेश ने कहा, “इस पर चर्चा चल रही है। हमारे दरवाजे टीएमसी के लिए हमेशा खुले हैं। ममता बनर्जी और टीएमसी ने कहा है कि वे INDIA गठबंधन को मजबूत करना चाहते हैं और सबसे बड़ा मकसद बीजेपी को हराना है। दोनों पार्टियों के बीच तीखी बहस होती रहती है, लेकिन हम ममता बनर्जी का सम्मान करते हैं।”
साथ ही, उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने हमेशा उन्हें सम्मान दिया है। कांग्रेस ने ही उन्हें सांसद बनाया और कांग्रेस के साथ ही वह काफी आगे बढ़ी हैं। कुछ निजी कारणों से उन्होंने पार्टी छोड़ दी, लेकिन आज भी उनकी पार्टी का नाम तृणमूल कांग्रेस है। पार्टी छोड़ने के बाद भी उनकी विचारधारा कांग्रेस से ही जुड़ी हुई है।”