केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025-26 पेश कर दिया है। इस बजट में मिडिल क्लास के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया गया है। बजट में बड़ा ऐलान किया गया की 12 लाख रुपये तक की इनकम पर अब कोई टैक्स नहीं लगेगा। इससे मिडिल क्लास परिवारों को सीधा फायदा हो। मोदी सरकार का यह फैसला मिडिल क्लास को राहत तो देगा ही, लेकिन बीजेपी को भी 330 लोकसभा सीटों पर निर्णायक बढ़त दिला सकता है।
अर्थव्यवस्था में अहम रोल निभाता है मिडिल क्लास
एक्सपर्ट्स का मानना है कि मिडिल क्लास बीजेपी से नाराज हो रहा था और इसी नाराजगी को कम करने के लिए मोदी सरकार ने इतना बड़ा ऐलान किया है। मिडिल क्लास एक ऐसा तबका है, जो बीजेपी का मजबूत समर्थक रहा है। देश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने में भी अहम भूमिका मिडिल क्लास निभाता है। लेकिन पिछले कुछ सालों से फ्रीबीज और बढ़ते टैक्स के कारण मिडिल क्लास उपेक्षित महसूस कर रहा था।
330 लोकसभा सीटों पर होगा असर
मिडिल क्लास को लगता था कि उसे सरकार ने भुला दिया है। लेकिन इस बार सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए 12 लाख तक की इनकम पर टैक्स छूट का ऐलान कर दिया। देश की करीब 330 लोकसभा सीटें ऐसी हैं, जहां पर मिडिल क्लास की मजबूत उपस्थिति है। विपक्षी दल भी इन सीटों पर मजबूती से बढ़ते टैक्स के खिलाफ प्रचार कर रहे थे। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तो इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक को पत्र लिख दिया था।
अमित शाह, राजनाथ, गडकरी और शिवराज… जानें बजट के हिसाब से कौन सा मंत्री सबसे ताकतवर
मिडिल क्लास के लिए राहत का असर दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी दिख सकता है। 5 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे और 8 तारीख को नतीजे आएंगे। ऐसे में दिल्ली में 37 लाख से अधिक टैक्सपेयर्स रहते हैं। अगर उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान किया तो दिल्ली चुनाव के नतीजों पर बड़ा असर हो सकता है।
2019 में मिली थी बड़ी सफलता
इससे पहले 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले अंतरिम बजट में भी मोदी सरकार ने टैक्स स्लैब में बदलाव की घोषणा की थी। इस दौरान 7 लाख रुपये तक की इनकम वाले लोगों को टैक्स से छूट देने की घोषणा की गई थी। इसका असर यह हुआ था कि एनडीए ने प्रचंड बहुमत हासिल किया था, जबकि भाजपा ने अपने दम पर ही 303 सीटें हासिल की थी।