उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पीएम आवास पर करीब 45 मिनट तक अहम मुलाकात हुई है। उत्तर प्रदेश में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार से पहले हुई इस बैठक को सियासी तौर पर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा उनकी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भी बैठक होने की संभावना है।

जानकारी के लिए बता दें कि भाजपा ने हाल ही में पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके बाद से ही पार्टी और संगठन में नेताओं के समायोजन को लेकर कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में लंबे समय से प्रदेश में कैबिनेट विस्तार की चर्चा चल रही है। सूत्रों के मुताबिक विधानसभा चुनाव से पहले कुछ नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। राजनीतिक जानकार तो यहां तक दावा कर रहे हैं कि इस बार बीजेपी पश्चिमी यूपी के कई चेहरों को आगे कर सकती है। हाल में हुई ब्राह्मण विधायकों की बैठक का असर भी मंत्रिमंडल पर देखने को मिल सकता है।

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। अभी से ही बीजेपी ने संगठन को मजबूत करना शुरू कर दिया है, समीकरण भी साधे जा रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 255 सीटें जीत स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। दूसरे नंबर पर समाजवादी पार्टी रही थी और उसे 111 सीटों से संतोष करना पड़ गया था। कांग्रेस को दो और मायावती की बीएसपी को एक सीट मिली थी।